पंडित नहीं जासूसों की मदद से बस रहे यूके में भारतीयों के परिवार
लंदन। यूनाइटेड किंगडम में जैसे-जैसे भारतीय मूल के परिवारों की तादाद में इजाफा हो रहा है वैसे-वैसे ही यहां पर कुछ नई बातों के बारे में भी खबरें आ रही हैं। यहां पर रहने वाले भारतीय परिवारों से जुड़ी जो नई जानकारी सामने आ रही है, उसके मुताबिक यहां पर अब अपनी बेटियों की शादी से पहले प्राइवेट डिटेक्टिव हायर करने का चलन बढ़ रहा है।

अपनी बेटी की अरेंज मैरिज को फिक्स करने से पहले माता-पिता भावी पति और उसके परिवार से जुड़ी जानकारी के लिए जासूसों की मदद ले रहे हैं।
यूके में कई ऐसी डिटेक्टिव कंपनियां हैं जिनका दावा है कि एशियाई परिवारों की ओर से उनके पास प्री-वेडिंग सर्विस की भरमार रहती है। इनमें ज्यादातर संख्या भारतीय परिवारों की है और इनमें से लड़की पक्ष के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है।
द टाइॅम्स में छपी खबर के मुताबिक इस तरह की सर्विसेज के लिए शुरुआती कीमत 100 पौंड होती है। एक अग्रणी फर्म के डायरेक्टर राज सिंह की मानें तो हाल ही में उन्होंने कई हफ्तों तक चली जांच के लिए 4,500 पौंड की फीस ली है।
वह कहते हैं कि कई तरह की बातों को लेकर लोग जासूसी करवाते हैं। कभी-कभी यह काफी साधारण बातों को लेकर होती है तो कभी यह बिल्कुल ही अलग होती है।
लोग उनके पास यह पता करवाने के लिए आते हैं कि लड़का कौन सी कार चलाता है या फिर वह कितना शराब पीता है, ऐसी बातों को तो जानने के लिए आते हैं। कुछ लोग भारत में मौजूद बेटी के भावी पति के बारे में भी जानकारी इकट्ठा करवाते हैं।
करीब तीन हफ्तों तक चलने वाली इनवेस्टिगेशन में भारत में मौजूद लोकल एजेंट्स का प्रयोग होता है। कभी-कभी कुछ ऐसी बातों को जानने के लिए जासूसों की मदद ली जाती है, जो परिवार वालों को लगता है कि उनसे छिपाई जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications