अमेरिका के अलबामा में गुरुद्वारे के बाहर सिख युवक की हत्या.. नस्लीय हिंसा की वजह से गोली मारने की आशंका
US Sikh Man Shot: अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ नस्लीय हिंसा लगातार जारी है और अब अल्बामा में 29 साल के सिख शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शुक्रवार रात अलबामा के सेल्मा शहर में एक गुरुद्वारे के बाहर सिख युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
एक महीने से भी कम समय में अलबामा में भारतीय प्रवासियों को निशाना बनाकर की गई घातक घटना का यह दूसरा मामला है और सिख युवक की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है।

गुरुद्वारे के बाहर सिख युवक की हत्या
सेल्मा स्थित समाचार आउटलेट जीवीवायर के मुताबिक, जिस सिख युवक की हत्या की गई है, वो 29 साल का था और उसका नाम गोल्डी सिंह था और पेसिफिक कोस्ट के सिख सेंटर, जो एक गुरुद्वारे के करीब हाईलैंड और रोज़ एवेन्यू के पास स्थित है, वहां गोली लगने से उसकी मौत हो गई। काउंसिल ऑन अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशंस ने गुरुवार को कानून प्रवर्तन से हत्या के पीछे नस्लीय भेदभाव के एंगल से जांच करने की मांग की है।
सीएआईआर के नेशनल कम्युनिकेशन डायरेक्टर इब्राहिम हूपर ने एक प्रेस रिलीज में कहा, कि "हाल के महीनों में हमने पूर्वाग्रह से प्रेरित घटनाओं में वृद्धि देखी है, और क्योंकि यह गोलीबारी एक पूजा घर के पास हुई थी, लिहाजा हम राज्य और संघीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों से पूर्वाग्रह के मकसद की संभावना को ध्यान में रखते हुए इस अपराध की जांच करने का आग्रह करते हैं।"
हालाँकि, सेल्मा पुलिस के सार्जेंट कालेब गार्सिया ने फिलहाल नस्लीय हिंसा का जिक्र नहीं किया है। उन्होंने कहा, कि गोल्डी एक गुरुद्वारा कर्मचारी था और उसकी मौत की सक्रिय जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस फिलहाल अनिश्चित है कि यह हत्या तुलारे काउंटी में कारजैकिंग से संबंधित है या नहीं।
भारतीय मूल के शख्स की मौत की दूसरी घटना
पिछले महीने, अलबामा में ही एक बुजुर्ग भारतीय मूल के मोटल मालिक की किराये के कमरे को लेकर हुई बहस के बाद एक ग्राहक ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसने देश में भारतीयों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 76 साल के प्रवीण रावजीभाई पटेल शेफ़ील्ड में हिलक्रेस्ट मोटल के मालिक थे और पिछले सप्ताह उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
शेफ़ील्ड पुलिस प्रमुख रिकी टेरी के मुताबिक, 34 साल के आरोपी विलियम जेरेमी मूर को पटेल को गोली मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हाल के महीनों में अमेरिका में कई भारतीय या भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों की की मौत की घटनाएं सामने आईं हैं, जिसने अमेरिका में भारतीय लोगों को परेशान करके रख दिया है।












Click it and Unblock the Notifications