अशोक श्रीधरन बने जर्मनी के बॉन के मेयर, पहली बार जर्मनी को मिला भारतीय मेयर
बर्लिन। जर्मनी के सबसे बड़े शहरों में से एक बॉन सिटी को अब एक भारतीय लीड करेगा। जी हां भारतीय मूल के अशोक श्रीधरन को बॉन सिटी का मेयर चुना गया है। वह किसी जर्मन शहर के मेयर बनने वाले पहले भारतीय हैं।

चासंलर एजेंला मार्कल की अगुवाई वाले क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन की ओर से बॉन के मेयर पद के उम्मीदवार अशोक श्रीधरन ने चुनाव में शानदार जीत हासिल की है।
परिणामों के अनुसार 49 वर्षीय श्रीधरन ने बॉन में हुए चुनाव में 50.06 फीसदी मतों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया। यहां पिछले 21 सालों से भी अधिक समय से सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी सत्ता में थी, लेकिन श्रीधरन की जीत ने एसपीडी को इस बार सत्ता से बाहर कर दिया।
श्रीधरन के पिता प्रवासी भारतीय हैं और उनकी मां जर्मन है। वह 21 अक्टूबर को एसपीडी के निवर्तमान मेयर जुआर्गेन न्यमटश से शहर प्रशासन की कमान लेंगे। वह अभी तक पड़ोसी कस्बे कोएनिग्सविंटर के नगरपालिका प्रशासन में सहायक मेयर और कोषाध्यक्ष के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
चुनाव के पहले दौर में उन्हें पूर्ण बहुमत मिलने और दोनों मुख्य प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले उन्हें मजबूत बढ़त मिलने से राजनीतिक समीक्षक हैरान हैं। इससे पहले चुनाव में कांटे की टक्कर होने की संभावना जताई जा रही थी।
श्रीधरन के निकटतम प्रतिद्वंद्वी एसपीडी के रहेन्सट्रॉथ बॉयर को 23.68 फीसदी और ग्रीन पार्टी के टॉम श्मिट को 22.14 फीसदी मत मिले।
चुनाव परिणामों के अनुसार शहर में कुल 2,45,000 मतदाताओं में से केवल करीब 45 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया, जबकि 2009 में इससे कहीं अधिक लोगों ने मताधिकार का उपयोग किया था।












Click it and Unblock the Notifications