मोदी की यात्रा के दौरान भारत- सेशेल्स में चार समझौते
विक्टोरिया| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यहां की एक संक्षिप्त यात्रा के दौरान भारत और हिंद महासागर में स्थित द्वीप देश सेशेल्स ने समुद्री सुरक्षा बढ़ाने के लिए चार समझौतों पर हस्ताक्षर कर अपने संबंध को और मजबूत कर लिया। 34 वर्षो में सेशेल्स की यात्रा पर आने वाले मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले इंदिरा गांधी ने इस देश की 1981 में यात्रा की थी, लेकिन उसके बाद से कोई भारतीय प्रधानमंत्री यहां की यात्रा नहीं कर सके।

मंगलवार रात यहां पहुंचने पर मोदी का सेशेल्स के राष्ट्रपति जैम्स मिशेल, उपराष्ट्रपति डैनी फौरे और भारतीय समुदाय के लोगों ने हवाई अड्डे पर जोरदार स्वागत किया।राष्ट्रपति मिशेल के साथ वार्ता के बाद भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका द्विपक्षीय समझौता साझा उद्देश्य-हमारे लोगों की प्रगति और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति एवं समृद्धि से पोषित है।
सेशेल्स के लिए दूसरे डॉर्नियर लड़ाकू विमान और द्विपक्षीय सहयोग के प्रतीक के रूप में तटीय निगरानी रडार परियोजना की घोषणा करने के बाद मोदी ने कहा, "हमारी सुरक्षा साझेदारी मजबूत है। इसने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को उन्नत बनाने की साझी जिम्मेदारी पूरी करने में हमें समर्थ बनाया है।"
मोदी ने कहा कि कदम से सेशेल्स को अपने द्वीप और उसके चारों तरफ फैली अपार जलराशि को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी। रडार परियोजना एसंप्शन द्वीप पर है। यह द्वीप उन 115 द्वीपों में से एक है जिससे सेशेल्स बना है। मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों ने हिंद महासागर क्षेत्र में विस्तृत सहयोग और फलप्रद हिंद महासागर रिम संघ के महत्व को रेखांकित किया है।
मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने ब्लू अर्थव्यवस्था के मंडल में सहयोग का विस्तार करने के लिए संयुक्त कार्य ग्रुप गठित करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह महासागरीय अर्थव्यवस्था हमारी भावी चुनौतियों से निपटने के लिए अत्यावश्यक है।
इससे पहले मिशेल ने कहा कि मोदी की यात्रा 'हमारे लोगों के बीच बेहतरीन संबंध का प्रतीक हैं' और भारत सेशेल्स का करीबी दोस्त है।दोनों पक्षों ने चार समझौते-हाईड्रोग्राफी, नवीकरणीय ऊर्जा, बुनियादी ढांचा विकास और नौवहन चार्ट और इलेक्ट्रानिक नौवहन चार्टो पर हस्ताक्षर किए हैं।
मोदी ने संयुक्त राष्ट्र की विस्तारित सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सदस्य बनाने का समर्थन करने सहित अंतर्राष्ट्रीय मंच पर समर्थन देने के लिए सेशेल्स को धन्यवाद दिया।मोदी ने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के पास जलवायु परिवर्तन पर समान विचार हैं और इससे मुकाबले के लिए दोनों प्रतिबद्ध हैं।भारतीय समुदाय के लोगों ने मोदी का जोरदार नागरिक अभिनंदन किया।
मोदी मंगलवार को नई दिल्ली से तीन देशों -सेशेल्स, मॉरीशस और श्रीलंका की यात्रा पर रवाना हुए हैं। यहां से मोदी मॉरीशस के लिए रवाना हो गए।इंदिरा गांधी 1981 में सेशेल्स की यात्रा पर जाने वाली अंतिम प्रधानमंत्री थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications