'ये दावा बेतुका और बदनाम करने वाला', भारत हरदीप निज्जर की हत्या पर कनाडाई मीडिया रिपोर्ट पर भड़का
India And Canada News: भारत ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या पर कनाडाई मीडिया रिपोर्ट की आलोचना की है। भारत ने कनाडाई मीडिया की उस रिपोर्ट को "बदनाम करने वाला अभियान" बताकर खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि भारतीय प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) को सिख अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की कथित साजिश के बारे में जानकारी थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कनाडाई मीडिया रिपोर्ट की निंदा की। ये रिपोर्ट अनाम कनाडाई अधिकारी के हवाले से जारी की गई थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस रिपोर्ट में किए गए दावे बेतुके बयान हैं। ये बदनाम करने वाला अभियान है और इसे पूरी तरह खारिज किया जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें- कनाडाई आतंकवादी निज्जर का डेथ सर्टिफिकेट क्यों नहीं दे रहे जस्टिन ट्रूडो? महीनों से NIA के सामने आनाकानी
'इस बयान को उसी तरह खारिज किया जाना चाहिए, जिसके वो हकदार हैं'
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम आम तौर पर मीडिया रिपोर्ट पर टिप्पणी नहीं करते हैं। हालांकि, कनाडा सरकार के एक सूत्र द्वारा कथित तौर पर अखबार को दिए गए ऐसे हास्यास्पद बयानों को उसी अवमानना के साथ खारिज किया जाना चाहिए जिसके वे हकदार हैं।"
जायसवाल ने कहा कि इस तरह के बदनाम करने वाले अभियान भारत और कनाडा के बीच पहले से ही तनावपूर्ण संबंधों को और खराब करते हैं। वह कनाडाई अखबार द ग्लोब एंड मेल में प्रकाशित रिपोर्ट के बारे में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
द ग्लोब एंड मेल में प्रकाशित रिपोर्ट में एक वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी के इनपुट का हवाला दिया गया है और आरोप लगाया गया है कि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) और विदेश मंत्री भी कथित साजिश के बारे में जानते थे।
ये भी पढ़ें- कनाडा में रिपब्लिक प्लस टीवी के मालिक और ISI एजेंट तारिक कियानी पर हमला, निज्जर हत्याकांड में आया है नाम
भारत ने पहले भी कहा था- इस आरोप के लिए कोई सबूत नहीं
भारतीय पक्ष ने बार-बार कहा है कि कनाडा ने अपने इस आरोप का समर्थन करने के लिए कोई सबूत नहीं दिया है कि निज्जर की हत्या में भारतीय सरकारी एजेंटों का हाथ है। हरदीप सिंह निज्जर को भारत ने पहले ही आतंकवादी घोषित कर दिया है।
पिछले महीने कनाडा द्वारा भारतीय उच्चायुक्त संजय वर्मा और अन्य राजनयिकों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाए जाने के बाद भारत-कनाडा संबंध बिगड़ गए थे।
कनाडा ने खालिस्तान समर्थक आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जांच में भारतीय राजदूत और अन्य राजनयिकों पर आरोप लगाए थे। इसके जवाब में भारत ने छह कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था और अपने दूत को वापस बुला लिया था।
ये भी पढ़ें- India-Canada Row: निज्जर हत्याकांड पर भारत और कनाडा के बीच घमासान, जानिए अभी तक क्या हुआ, आगे क्या होगा?












Click it and Unblock the Notifications