'संप्रभुता से समझौता नहीं', भारत के बाद अब इस देश ने अमेरिकी टैरिफ का किया विरोध, Trump को दी चेतावनी
Donald Trump Tariff: अमेरिका और दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापारिक तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ का अब न सिर्फ भारत बल्कि ब्राज़ील ने भी कड़ा विरोध किया है। ट्रंप द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ का ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने कड़ा विरोध किया है।
लूला ने इस कदम को राजनीतिक और अतार्किक बताया और साफ कहा कि ब्राज़ील अपने लोकतंत्र और संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। इस कदम के बाद ब्राज़ील और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है।

लूला का अमेरिका को करारा जवाब
ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने रविवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि अमेरिका का 50 प्रतिशत टैरिफ न केवल गुमराह करने वाला बल्कि पूरी तरह से अतार्किक कदम है। लूला ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार हमेशा आपसी लाभ के लिए बातचीत को तैयार है, लेकिन लोकतंत्र और राष्ट्रीय संप्रभुता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
ट्रंप प्रशासन की प्रतिक्रिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जुलाई में ब्राजील पर टैरिफ लगाया था और इसे बोल्सोनारो के खिलाफ चल रही कार्रवाई को 'विच हंट' करार दिया था। फैसले के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ट्रंप सरकार जवाब देगी। ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने इन टिप्पणियों को धमकी बताते हुए कहा कि ब्राजील की न्यायपालिका पूरी तरह स्वतंत्र है और बोल्सोनारो को उचित प्रक्रिया का पूरा अधिकार मिला है।
ब्राज़ील पर टैरिफ का हो सकता है बड़ा असर
लूला ने अपने बयान में बताया कि पिछले 15 वर्षों में अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार से 410 बिलियन अमेरिकी डॉलर का अधिशेष कमाया है। ऐसे में टैरिफ का बढ़ना न केवल आर्थिक रूप से हानिकारक है बल्कि आपसी संबंधों में तनाव भी बढ़ाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देश आपसी बातचीत के जरिए समाधान नहीं निकालते, तो व्यापारिक युद्ध और गहरा सकता है।
ये भी पढे़ं: Kim Jong Un की जासूसी कराने निकले थे Trump, ओसामा का सफाया करने वाली टीम का मिशन कैसे फेल हुआ?
भारत के साथ भी तनाव बरकरार
बता दें कि टैरिफ को लेकर भारत और अमेरिका के बीच भी तनाव लगातार बना हुआ है। भारत ने साफ कर दिया है कि वह ट्रंप सरकार के 50% टैरिफ के दबाव में नहीं झुकेगा। इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (9 सितंबर 2025) को ऐलान किया कि वे भारत-अमेरिका के बीच चल रहे व्यापारिक विवाद को सुलझाने के लिए नई वार्ता शुरू करेंगे।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका व्यापारिक रुकावटों को दूर करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे आने वाले हफ्तों में अपने बेहद अच्छे दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं। ट्रंप ने विश्वास जताया कि यह बातचीत दोनों देशों के लिए सकारात्मक नतीजे लेकर आएगी। उनकी यह घोषणा ऐसे समय पर आई है जब अमेरिका ने कुछ ही हफ्ते पहले भारतीय वस्तुओं पर 50% टैरिफ लगाने का फैसला किया था।
ये भी पढे़ं: World War 3: तीसरे विश्वयुद्ध का शंखनाद? Russia ने Poland पर दागे 19 ड्रोन, Trump चुप NATO ने दी धमकी!












Click it and Unblock the Notifications