भारत की हथियार इंडस्ट्री की बड़ी उड़ान, अर्जेंटीना खरीदेगा स्वदेशी तेजस विमान, 8,675 करोड़ रुपये का है सौदा
Argentina to buy Tejas: मलेशिया के बाद अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, अमेरिका, इंडोनेशिया और फिलीपींस ने भी भारत के स्वदेशी तेजस फाइटर जेट को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। मलेशिया ने चीनी जेएफ-17 को टक्कर देने के लिए अपने लड़ाकू जेट कार्यक्रम के लिए तेजस एमके-1ए खरीदने का फैसला किया है।
तेजस फाइटर जेट और ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर दुनिया के कई देश जिस तरह से दिलचस्पी दिखा रहे हैं, उससे साफ पता चलता है, कि भारतीय डिफेंस इंडस्ट्री का फ्यूचर कितना उज्जवल है। अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री जॉर्ज तायना फिलहाल भारत दौरे पर हैं और अर्जेंटीना और भारत के बीच तेजस फाइटर जेट डील होने वाली है।

भारत से तेजस जेट खरीदेगा अर्जेंटीना
अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री जॉर्ज तायना भारत दौरे पर हैं, जहां आज उनकी मुलाकात भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से होने वाली है। डीडी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, उम्मीद है कि दोनों पक्ष रक्षा और सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
वहीं, हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री की इस यात्रा के दौरान भारत के साथ चौथी पीढ़ी के लड़ाकू विमान तेजस मार्क-1ए और एलसीएच प्रचंड के लिए 8675 करोड़ रुपये का सौदा होने की संभावना है।
रक्षा अधिकारियों ने कहा, कि अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री जॉर्ज टेना दिल्ली में अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र अर्जेंटीना ने पिछले साल ही अर्जेंटीना एयर फोर्स के लिए भारत के स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी। वहीं, इस साल जून की शुरुआत में, अर्जेंटीना में भारतीय राजदूत दिनेश भाटिया ने अर्जेंटीना वायु सेना प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जेवियर इसाक के साथ तेजस लड़ाकू विमानों में सहयोग पर चर्चा की थी। अर्जेंटीना की नजर हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के हेलीकॉप्टरों पर भी है।
अर्जेंटीना में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया है, कि राजदूत दिनेश भाटिया के साथ अर्जेंटीना एयर फोर्स के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जेवियर इसाक भी साथ होंगे, जो एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एचएएल की तकनीकी टीम से मुलाकात करेंगे और इस दौरान तेजस लड़ाकू विमानों और एचएएल में निर्मित अलग अलग किस्म के हेलीकॉप्टरों को लेकर चर्चा की जाएगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जेंटीना भारत से 12 हल्के लड़ाकू विमान तेजस खरीदना चाहता है, जिसके लिए उसे चीन की तरफ से JF-17 और एचएएल की तरफ से तेजस को लेकर लेटर ऑफ इंटेंट मिल चुका है।
चीन ने अर्जेंटीना को JF-17 ऑफर किया था और शुरूआत में माना जा रहा था, कि चीनी JF-17 के सामने भारतीय तेजस का कड़ा मुकाबला हो सकता है, लेकिन एचएएल इस मामले में काफी तेजी से आगे बढ़ी और तेजस के मुकाबले चीनी JF-17 पिछड़ गया। अर्जेंटीना अब तेजस के लिए डील फाइनल करने जा रहा है।
तेजस को अपग्रेड करेगा भारत
रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जेंटीना से डील करने के लिए एचएएल को को तेजस की 50 से ज्यादा सिस्टम और सब-सिस्टम को बदलने की जरूरत होगी, जिनकी आपूर्ति बीएई सिस्टम्स, कोबम और मार्टिन-बेकर जैसी यूके की कंपनियों द्वारा की जाती है।
अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री जॉर्ज तायना और भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच द्विपक्षीय बैठक में 15 तेजस मार्क-1ए और लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड के लिए एचएएल के साथ 8675 करोड़ रुपये के समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इससे पहले अर्जेंटीना के रक्षा मंत्री और वायुसेना प्रमुख ने एयरो इंडिया 2023 में तेजस में उड़ान भरकर इस विमान को खरीदने की इच्छा जताई थी।
तेजस का दुनिया में फैल रहा तेज
भारत में निर्मित हल्का लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस, तेजी से कई देशों की पहली पसंद बनता जा रहा है। मलेशिया के बाद अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, अमेरिका, इंडोनेशिया और फिलीपींस ने भी तेजस को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है।
मलेशिया ने चीनी जेएफ-17 को टक्कर देने के लिए अपने लड़ाकू जेट कार्यक्रम के लिए तेजस एमके-1ए खरीदने का फैसला किया है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने भी रॉयल मलेशियाई वायु सेना के आरएफआई के अनुरोध का जवाब दिया है। इसके बाद एचएएल को जल्द ही तेजस का पहला एक्सपोर्ट ऑर्डर मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications