दिल्ली में छह सितंबर को भारत और अमेरिका के बीच पहला 2+2 डायलॉग, अमेरिकी विदेश विभाग ने दी जानकारी
भारत और अमेरिका के बीच पहला 2+2 डायलॉग छह सिंतबर को नई दिल्ली में होगा। शुक्रवार को अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से इस बात की घोषणा की गई है। पहले यह डायलॉग छह जुलाई को होना था लेकिन अमेरिका ने इसे 'अपरिहार्य कारणों' से निरस्त कर दिया था।
वॉशिंगटन। भारत और अमेरिका के बीच पहला 2+2 डायलॉग छह सिंतबर को नई दिल्ली में होगा। शुक्रवार को अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से इस बात की घोषणा की गई है। पहले यह डायलॉग छह जुलाई को होना था लेकिन अमेरिका ने इसे 'अपरिहार्य कारणों' से निरस्त कर दिया था। अब इस डायलॉग के लिए अमेरिकी रक्षा मंत्री जेम्स मटीस और विदेश मंत्री माइक पोंपेयो भारत आएंगे। इससे पहले यह डायलॉग अमेरिका के वॉशिंगटन में होना था जहां पर भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण को अपने अमेरिकी समकक्षों से मुलाकात करनी थी।

रक्षा और विदेश मंत्री आएंगे भारत
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता हीथर नाउएर्ट की ओर से एक बयान दिया गया है। इस बयान में कहा गया है, 'अमेरिका को इस बात का ऐलान करते हुए काफी खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका के बीच 2+2 डायलॉग अब नई दिल्ली में छह सितंबर को आयोजित होगा।' इस बयान में आगे कहा गया है कि पोंपेयो और मटीस अब अपने भारतीय समकक्षों से मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं। वे मुलाकात के दौरान रणनीति संबंधों को मजबूत करने के अलावा सुरक्षा और रक्षा सहयोग को बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे। नाउएर्ट ने कहा अमेरिका और भारत दोनों ही भारतीय-प्रशांत क्षेत्र और इससे बाहर मौजूद चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
पिछले वर्ष बनी थी रजामंदी
दोनों देशों के बीच इस नए तरह के डायलॉग पर उस समय रजामंदी बनी थी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले वर्ष अमेरिका गए थे। जून 2017 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर पीएम मोदी ने व्हाइट हाउस का दौरा किया और दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसी दौरान दोनों देश बातचीत के इस नए फॉर्मेट के लिए राजी हुए थे।पिछले वर्ष जून के बाद दोनों देशों की ओर से इस डायलॉग के लिए कई तारीखों पर विचार-विमर्श हुआ और अंत में छह जुलाई की तारीख पर सहमति बनी। इससे पहले इस वर्ष की शुरुआत में भी इस डायलॉग को कैंसिल किया गया था। इस डायलॉग को दोनों देशों के रणनीतिक रिश्तों के बीच एक नया कदम माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications