कितनी संपत्ति के मालिक हैं बिल और मेलिंडा गेट्स, तलाक के बाद कैसे होगा प्रॉपर्टी का बंटवारा ? जानिए
नई दिल्ली, 4 मई: तीन बच्चों के माता-पिता बिल गेट्स और मेलिंडा गेट्स ने शादी के 27 साल बाद तलाक का फैसला करके दुनिया को चौंका दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल है कि ढाई दशकों से ज्यादा वक्त में इस अरबपति जोड़े ने जो संपत्ति जुटाई है उसका बंटवारा किस तरह से होगा। गौरतलब है कि फोर्ब्स के मुताबिक बिल गेट्स इस वक्त भी दुनिया के चौथे सबसे अमीर शख्सियत हैं; और मेलिंडा की संपत्ति मिलाने पर उनकी प्रॉपर्टी और बढ़ जाती है। पिछले कई वर्षों से गेट्स दंपति ने अपनी प्रॉपर्टी में से बहुत बड़ा हिस्सा गेट्स फाउंडेशन को दान दिया है, जो कोरोना वायरस महामारी में भी समाजसेवा के काम में लगा हुआ है।

1980 के दशक से साथ थे बिल और मेलिंडा गेट्स
बिल गेट्स और मेलिंडा गेट्स की मुलाकात 1980 के दशक में तब हुई थी, जब मेलिंडा माइक्रोसॉफ्ट का हिस्सा बनी थीं। आज यह दंपति एक अरबपति कारोबारी से ज्यादा अपनी समाजसेवी संस्था बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाइंडेशन की वजह से सुर्खियों में रहती है। यह फाउंडेशन विश्वभर में संक्रमण से होने वाले रोगों और टीकाकरण अभियान पर लाखों डॉलर खर्च कर चुका है। कोविड-19 के खिलाफ जंग में भी गेट्स फाउंडेशन का योगदान लगातार जारी है। वैसे बिल गेट्स ने अपनी शोहरत की बुनियाद तब लिख दी थी, जब उन्होंने 1975 के में सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की नीव रखी थी। इस कंपनी ने गेट्स को कंप्यूटर की दुनिया में बादशाहत भी दी और दौलत के मामले में वर्ल्ड का नंबर वन ताज भी दिलाया।
Recommended Video

1994 में हुई थी बिल और मेलिंडा गेट्स की शादी
1987 की बात है मेलिंडा ने बिल की कंपनी में बतौर प्रोडक्ट मैनेजर काम शुरू किया था। यहीं से दोनों नजदीक आने लगे। नेटफ्लिक्स की एक डॉक्यूमेंट्री में बिल गेट्स ने कहा था कि न्यूयॉर्क के एक बिजनेस डिनर के बाद से ही दोनों करीब आने लगे थे। लेकिन, दोनों ने जल्दीबाजी नहीं की और जीवनसाथी बनने के लिए एक-दूसरे को सात साल का वक्त दिया। आखिरकार 1994 में हवाई के लनाई नाम के एक द्वीप पर दोनों ने शादी रचा ली। कहते हैं कि इस शादी में कोई बिना-बुलाए मेहमान ना पहुंच जाए, इसलिए बिल गेट्स ने उस द्वीप के सारे हेलीकॉप्टर पहले से ही रिजर्व करा लिए थे। पिछले साल ही बिल गेट्स ने समाजिक कार्यों में पूरा वक्त देने के लिए माइक्रोसॉफ्ट के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था।

14,600 करोड़ अमेरिकी डॉलर के मालिक हैं गेट्स दंपति
फोर्ब्स मैगजीन के मुताबिक बिल गेट्स दुनिया के चौथे सबसे अमीर शख्सियत हैं, जिनकी कुल संपत्ति 13,050 करोड़ अमेरिकी डॉलर है। वहीं ब्लूमबर्ग बिलिनियर्स इंडेक्स के मुताबिक गेट्स दंपति अनुमानित 14,600 करोड़ अमेरिकी डॉलर का मालिक है। 1986 में जब माइक्रोसॉफ्ट ने शुरुआती पब्लिक ऑफरिंग शुरू की थी, तब बिल गेट्स की उसमें 49 फीसदी हिस्सेदारी थी, जिसने उन्हें देखते ही देखते दुनिया के अरबपतियोंकि की लिस्ट में शामिल करा दिया था और माइक्रोसॉफ्ट की कामयाबी ने इन्हें जल्दी ही दुनिया का सबसे दौलतमंद इंसान बना दिया था। हालांकि, फिलहाल इस जोड़ी ने अपनी आगे कि वित्तीय योजना का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस बात पर जोर जरूर दिया है कि समाजसेवा में वो दोनों आगे भी मिलकर काम करते रहेंगे।

गेट्स फाउंडेशन के पास 4,330 करोड़ अमेरिकी डॉलर की संपत्ति है
बिल गेट्स आज दुनिया के सबसे अमीरों की लिस्ट में चौथे पायदान पर खिसके हैं तो उसकी एक बड़ी वजह ये भी है कि उन्होंने अपनी संपत्ति में से समाज सेवा के लिए खुलकर दान दिए हैं। गेट्स दंपति ने 2000 में अमेरिका के सिएटल में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की स्थापना की थी। आज की तारीख में यह दुनिया की सबसे बड़ी चैरिटेबल संस्थाओं में से एक है, जो जन स्वास्थ्य, शिक्षा और जलवायु परिवर्तन पर काम करता है। कोरोना वायरस महामारी के दौरान भी इस फाउंडेशन ने वैक्सीन, जांच और रिसर्च के काम के लिए 175 करोड़ अमेरिकी डॉलर की राशि आवंटित की है। फाउंडेशन की ओर से घोषित अंतिम वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक 2019 तक इसके पास कुल 4,330 करोड़ अमेरिकी डॉलर की संपत्ति थी। फाउंडेशन की वेबसाइट के मुताबिक 1994 से लेकर 2018 तक बिल और मेलिंडा गेट्स ने अपने फाउंडेशन को 3,600 करोड़ डॉलर से ज्यादा रकम दिए हैं। हालांकि, ब्लूमबर्ग के मुताबिक यह रकम 5,000 करोड़ अमेरिकी डॉलर से भी ज्यादा है।

बिल गेट्स और मेलिंडा गेट्स में संपत्ति का बंटावारा
किंग काउंटी डिपार्टमेंट के अनुमान के मुताबिक गेट्स दंपति के पास लेक वॉशिंगटन में एक शानदार हवेली है, जिसकी कीमत 2020 में 13.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर आंकी गई थी। यह प्रॉपर्टी सिएटल और रेडमॉन्ड समेत उसके पूर्वी उपनगरीय इलाके के बीच में स्थित है, जहां पर माइक्रोसॉफ्ट का हेडक्वार्टर भी है। गेट्स जोड़ी ने तलाक की बात तो सार्वजनिक की है, लेकिन संपत्ति के विभाजन की बात साफ नहीं की है। हालांकि, किंग काउंटी सुपरियर कोर्ट में उन्होंने जो तलाकनामा लगाया है, उसके मुताबिक सेपरेशन ऐग्रीमेंट में उन्होंने साझा संपत्ति की विभाजन की इजाजत मांगी है। बता दें कि वॉशिंगटन के 'सामुदायिक संपत्ति' कानून के तहत शादी के बाद जो भी संपत्ति जीवनसाथियों की ओर से खरीदी जाती है, तलाक के दौरान उसकी हिस्सेदारी बराबर लगाई जाती है। हालांकि, पति-पत्नी कुछ संपत्ति को अलग प्रॉपर्टी मानने पर सहमति जता सकते हैं। यानी ऐसी संपत्ति दोनों में से किसी एक के हिस्से में सहमति से जा सकती है। आमतौर पर विरासत में मिली या पैतृक संपत्ति इसी श्रेणी में आती है।












Click it and Unblock the Notifications