बिना लक्षणों वाले कोरोना के मरीज से संक्रमण फैलने का कितना खतरा? WHO ने दी राहत भरी खबर
कोरोना वायरस के साइलेंट संक्रमण को लेकर WHO ने एक बेहद राहत भरी खबर दी है...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की महामारी ने पूरी दुनिया में कोहराम मचा रखा है। कोरोना वायरस के कारण दुनिया के अलग-अलग देशों में अभी तक 72 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुक हैं। वहीं, 4 लाख से ज्यादा लोगों की जान इस वायरस के कारण जा चुकी है। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एक राहत भरी खबर दी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की अधिकारी मारिया वान केरखोव ने एक बयान जारी करते हुए बताया है कि जिन लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे हैं, उनसे बाकी लोगों को संक्रमण का खतरा बेहद कम है।

कोरोना के मामलों में अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी
सोमवार को जेनेवा में विश्व स्वास्थ्य संगठन की बैठक हुई, जिसमें अधिकारियों ने बताया कि कोरोना वायरस के मामलों में दैनिक तौर पर अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी नजर आ रही है और दुनिया के देशों को कोरोना वायरस को रोकने की कोशिश लगातार जारी रखनी चाहिए। मारिया वान केरखोव ने इस बैठक में कहा, 'हमारे पास जो आंकड़े हैं, उसके आधार पर कहा जा सकता है कि बिना लक्षणों वाले कोरोना वायरस के संक्रमित मरीज से दूसरे शख्स को इन्फेक्शन का खतरा बहुत ही ज्यादा कम है।'

बिना लक्षणों वाले मरीजों से संक्रमण का खतरा बेहद कम
मारिया वान केरखोव ने बताया, 'अलग-अलग देशों में कोरोना वायरस के ज्ञात रोगियों की कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग के जरिए बिना लक्षणों वाले मरीजों की पहचान की गई और उसके बाद जो डेटा मिला, उसमें बिना लक्षणों वाले मरीजों से संक्रमण का खतरा बेहद कम मिला। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन अभी इस रिपोर्ट की समीक्षा कर रहा है और इस बारे में पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।' मारिया वान केरखोव विश्व स्वास्थ्य संगठन में 'पशुजन्य और नई उभरती हुई बीमारियों' के विभाग की प्रमुख हैं।

चीन में मिले नेगेटिव रिजल्ट
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते चीन ने वुहान की आबादी के हिसाब से कोरोना वायरस के टेस्ट के रिजल्ट जारी किए थे। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इसमें पाया गया कि शहर के 9.98 मिलियन लोगों के बीच 300 ऐसे मरीज मिले, जिनमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं थे। इसके बाद बिना लक्षणों वाले मरीजों के टूथब्रश, मग, मास्क और तौलिए की सतह से सैंपल लेकर जांच की गई तो रिजल्ट नेगेटिव मिले। इसके अलावा इन 300 मरीजों के बेहद करीबी संपर्क वाले 1,174 लोगों की जांच की गई और उनके रिजल्ट भी नेगेटिव मिले।
Recommended Video

देश में कोरोना के कारण 331 लोगों की मौत
आपको बता दें कि कोरोना वायरस का संक्रमण अब हमारे देश में भी भयावह रूप से फैलता हुआ नजर आ रहा है। मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के कारण 331 लोगों की मौत हुई है, जबकि 9987 नए केस सामने आए हैं। कोरोना वायरस के मरीजों में संक्रमण और मौतों का यह अभी तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। नए केस मिलने के बाद कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बढ़कर 266598 और मृतकों का आंकड़ा 7466 हो गया है। कोरोना के आंकड़े जारी करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी तक कुल 129215 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसके बाद इस वायरस के एक्टिव केस 129917 हैं।












Click it and Unblock the Notifications