लाल सागर में बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद भारत आ रहा चीनी जहाज, हूती विद्रोहियों ने बनाया है निशाना
Houthi Attack Chinese Vessel: अमेरिका की सेना ने कहा है, कि एक चीनी टैंकर जहाज पर हूती विद्रोहियों ने यमन के पास बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है, जिसके बाद अब वो चीनी जहाज भारत की तरफ बढ़ रहा है।
अमेरिकी सेना ने कहा है, कि हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में हमले काफी तेज कर दिए हैं और पनामा के झंडे लगे चीनी स्वामित्व वाले हुआंग पु जहाज पर भी हमला किया गया है, जिसने हमले के बाद संकट कॉल जारी किया था, लेकिन जहाज की तरफ से मदद नहीं मांगी गई है।

यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने अपने एक बयान में कहा है, कि फिलहाल "किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, और जहाज ने अपना सफर फिर से शुरू कर दिया।" आपको बता दें, कि यमन के लाल सागर तट के ज्यादातर हिस्से पर नियंत्रण रखने वाले ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने पिछले चार महीनों में दर्जनों जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। हूती विद्रोहियों का कहना है, कि ये हमले गाजा पट्टी में इजराइली हमलों का जवाब देने के लिए किए जा रहे हैं।
न्यू मैंगलोर पोर्ट कॉल
सेंटकॉम और ब्रिटिश नौसेना के यूनाइटेड किंगडम मरीन ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने कहा है, कि जहाज पर आग लग गई थी, लेकिन करीब आधे घंटे के बाद जहाज में लगी आग को बुझा दिया गया। वहीं, मैरीनट्रैफिक ट्रैकिंग वेबसाइट ने बाद में जहाज को लाल सागर से अदन की खाड़ी में अपने अगले बंदरगाह के लिए रवाना होने की बात कही है, जो समुद्री सुरक्षा एजेंसी एंब्रे के अनुसार, भारत में न्यू मैंगलोर बंदरगाह है।
फिलहाल किसी ने भी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन यूकेएमटीओ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, कि यह हमला मोखा के यमनी बंदरगाह से 23 समुद्री मील पश्चिम में हुआ था। सेंटकॉम ने कहा है, कि हूती विद्रोहियों ने चीनी जहाज हुआंग पु को निशाना बनाकर पांच बैलिस्टिक मिसाइल दागे थे, जिनमें से चार मिसाइलें जहाज के आसपास गिरीं, लेकिन पांचवीं मिसाइल जहाज से टकरा गई।
हालांकि, ये हमला हूती विद्रोहियों के पहले के दावे के खिलाफ है। हूतियों ने पहले कहा था, कि वो चीनी जहाजों को निशाना नहीं बनाएंगे, लेकिन इसके बावजूद एमवी हुआंग पर हमला किया गया।












Click it and Unblock the Notifications