Heat Dome: अमेरिका-कनाडा में अलर्ट, 1.2 करोड़ लोगों पर संकट, 20 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान
Heat Wave: दो साल पहले अमेरिका और कनाडा के कुछ इलाकों में रिकॉर्ड तापमान ने कई लोगों की जान ले ली थी। इस बार भी हालात अभी से बिगड़ने शुरू हो गए हैं। हीट डोम की स्थिति पैदा हो सकती है।

उत्तर-पश्चिम प्रशांत के इलाके में हीट एडवाइजरी जारी की गई है। यहां तापमान सामान्य से 20 डिग्री ज्यादा तक पहुंच जाने की अनुमान जताई गई है। कनाडा में तबाही शुरू हो चुकी है। मौसम की विपरित परिस्थियों में यहां दर्जनों जंगल में आग लग गई है।

अमेरिका-कनाडा में 'हीट डोम' का अलर्ट
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक हालात इतने खराब होने की आशंका है कि 1.20 करोड़ लोगों पर संकट गहरा गया है। वहां के नेशनल वेदर सर्विस के वैज्ञानिकों ने कहा है कि उच्च दबाव के असामान्य क्षेत्र की वजह से पश्चिमी अमेरिकी और कनाडा के ऊपर एक 'हीट डोम' बनेगा।

वायुमंडल के नीचे बनेगा 'ढक्कन'
'हीट डोम' की वजह से वायुमंडल के नीचे एक ढक्कन जैसा आवरण सक्रिय हो जाएगा, जिसकी वजह से तापमान बढ़ता चला जाएगा। शनिवार को वेदर प्रेडिक्शन सेंटर के पूर्वानुमानकर्ता ने कहा, 'उत्तर-पश्चिम प्रशांत में तापमान 80°F और 90°F से ज्यादा देखने को मिलेगा, जो कि सामान्य से 20 से 30 डिग्री अधिक है।'

तापमान का रिकॉर्ड टूटने की भविष्यवाणी की
इस रिपोर्ट में उनके हवाले से कहा गया कि 'इस वीकेंड तटवर्ती उत्तर-पश्चिम प्रशांत के कई इलाकों में तापमान या तो रिकॉर्ड के बराबर हो जाएंगे या उसके रिकॉर्ड टूट जाएंगे।' शनिवार और रविवार के लिए पूर्वानुमान में बताया गया कि यह 87°F तक पहुंच सकता है।

सिएटेल में कई कूलिंग सेंटर की स्थापना
अगर तापमान 90°F तक पहुंचता है तो इससे 17 मई, 2008 का रिकॉर्ड टूटेगा। किंग काउंटी रीजनल होमलेसनेस अथॉरिटी के मुताबिक सिएटल इलाके में हीट वेव का सामना करने के लिए कई कूलिंग सेंटर खोले जा रहे हैं।
Recommended Video

स्थानीय प्रशासन जारी कर रहा है एडवाइजरी
जिन इलाकों में कूलिंग सेंटर खोलने में देरी हो रही है, वहां स्थानीय प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी जा रही है कि तापमान से बचने के लिए लाइब्रेरी, सामुदायिक पूल या फाउंटेन में शरण लें।

अल्बर्टा में 29,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
कनाडा के अल्बर्टा में प्रांतीय स्तर की इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और 29,000 से ज्यादा लोगों से कहा गया है कि वह अपना घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर चले जाएं। यहां के जंगलों में जबर्दस्त आग लगी हुई है और धुआं पूरे आसमान में फैला हुआ है।

2021 में हीट डोम से मची थी भयंकर तबाही
अमेरिका और कनाडा के कई इलाकों में 2021 में 'हीट डोम' की वजह से भारी तबाही मची थी और कई लोग ज्यादा तापमान में झुलस गए थे। इस साल दिक्कत और बढ़ गई है, क्योंकि दो साल पहले जो हालात जून-जुलाई में पैदा होने शुरू हुए थे, वह इस बार अभी से ही शुरू हैं।

क्या होता है हीट डोम?
अमेरिकी नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (ANOAA) के अनुसार पृथ्वी का वायुमंडल गर्म समुद्र हवाओं को ढक्कन की तरह कवर कर लेता है, उसे बाहर नहीं निकलने देता तो 'हीट डोम' के हालात बन जाते हैं। यह हालात तब बनते हैं, जब समुद्र के तापमान में बहुत ज्यादा वृद्धि होती है।

जलती हुई भट्टी बन जाती है धरती
ऐसे में समुद्र की गर्म सतह गर्म हवाओं को ऊपर उठाती है, लेकिन वायुमंडल का उच्च दबाव उसे नीचे दबाने लगता है। फिर पूरा वातावरण ही भट्टी की तरह काम करने लगता है। हीट डोम की वजह से बादल भी उसके आसपास नहीं फटक पाते और डोम के नीचे वाले क्षेत्र में जीना मुश्किल हो जाता है।
कई दिनों तक रह सकता है हीट डोम का प्रभाव
कुछ वैज्ञानिकों के मुताबिक ऐसी स्थिति हफ्ते भर तक भी रह सकती है। जब हीट डोम कमजोर पड़ता है तो अंदर दबी हुई गर्म हवा उससे मुक्त होने लगती है और तब उससे छुटकारा मिल पाता है। (अल्बर्टा वाली तस्वीर के अलावा बाकी फाइल)












Click it and Unblock the Notifications