कल होगा इनकी तकदीर का फैसला... हमास ने 3 इजराइली बंधकों का वीडियो किया जारी, क्या करने वाला है कत्ल?
Hamas Releases Video of Israeli hostages: हमास ने तीन इजरायली बंधकों का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो जारी किया है, जिसमें नोवा रेव अटेंडेन्ट नोआ अर्गमानी भी शामिल है, जिन्हें हमास के आतंकवादियों ने इजराइल से अपहरण करते वक्त अपनी मोटरसाइकिल से घसीटा था।
हमास ने तीन इजराइली बंधकों का एक वीडियो जारी किया है और इस वीडियो में इजराइली बंधकों को अपना नाम और परिचय देते हुए दिखाया गया है। वहीं, जब वीडियो खत्म होता है, तो फिर लिखा आता है, कि "कल हम आपको इनके भाग्य के बारे में आपको सूचित करेंगे।"

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गये इस वीडियो में 26 साल की इजराइली लड़की अर्गामानी, 53 साल के बंधक योसी शारबी और 38 साल के एक और बंधक इटाई स्विरस्की को दिखाया गया है, जो हिब्रू भाषा में अपना परिचय देते हुए इजराइली सरकार से सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए, जो भी किया जा सकता है, वो करने का अनुरोध कर रहे हैं।
हमास का खौफनाक संदेश
इस वीडियो के अंत में एक हमास इजरायली लोगों को एक संदेश देता है, कि "आपकी सरकार झूठ बोल रही है।"
हालांकि, इस वीडियो से ये पता नहीं चल पा रहा है, कि इसे कब फिल्माया गया है, लेकिन इस बात की पहले ही पुष्टि हो चुकी है, कि ये तीनों इजराइली नागरिक, हमास की कैद में हैं और तीनों को 7 अक्टूबर को अपहरण किया गया था। लेकिन, पहली बार इन तीनों बंधकों का वीडियो सामने आया है।
इसके अलावा, इस वीडियो में ये भी नहीं बताया गया है, कि क्या ये तीनों बंधक अभी भी सुरक्षित हैं या नहीं।
7 अक्टूबर को हमास की तरफ से जो वीडियो जारी किया गया था, उसमें 26 साल की इजराइली लड़की अग्रामानी को दिखाया गया था, जो चिल्ला रही थी, कि "मुझे मत मारो।" इस लड़की को मोटरसाइकिल पर घसीटते और फिर जबरदस्ती बिठाकर अपहरण करते हुए दिखाया गया था। इस लड़की को उसके बॉयफ्रेंड के साथ बंधक बनाया गया था, जिसके साथ हमास के आतंकवादियों ने बेहद क्रूर सलूक किया था।
आपको बता दें, कि हमास के 7 अक्टूबर के हमले में 1200 इजराइली नागरिक मारे गये थे, जबकि 250 इजराइली नागरिकों को हमास ने अपहरण कर लिया था। वहीं, 100 से ज्यादा बंधकों को इजराइल के साथ अदला-बदली किया गया है।
26 साल की इजराइली लड़की अग्रामानी को उस वक्त दुनिया ने जाना था, जब इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसकी रिहाई के लिए चीन की सरकार से मदद करने की अपील की थी, क्योंकि इसकी मां लियोरा एक चीन नागरिक हैं।
टर्मिनल ब्रेन कैंसर से पीड़ित लियोरा ने अपनी मृत्यु से पहले इज़राइल और चीन से अपने परिवार को फिर से एकजुट करने में मदद करने का आग्रह किया है।
वहीं, दूसरे बंधक शरबी को उसके 51 साल के भाई एली के साथ अपहरण कर लिया गया था, जब सुकोट छुट्टी के दौरान किबुतज़ बेरी में उनके घरों पर हमास ने हमला किया था।
टाइम्स ऑफ इज़राइल की रिपोर्ट के अनुसार, एली की पत्नी और दो किशोर बेटियों की हमास के हमले में पहले ही मौत हो चुकी है।
वहीं, तीसरे बंधक 38 साल के इटाई स्विरस्की को हमास के आतंकवादियों ने उस वक्त अपहरण किया था, जब वो अपने माता-पिता से मिलने तेल अवीव से बेरी जा रहे थे। बाद में उनके माता-पिता की लाश मिली थी, जिनकी हत्या हमास के आतंकवादियों ने कर दी थी।
गाजा में 130 से ज्यादा इजराइली नागरिक अभी भी बंधक बने हुए हैं और इजराइल का कहना है, कि करीब 25 इजरायली नागरिकों की लाशें भी गाजा पट्टी में हैं, जिन्हें हमास ने सौंपने से इनकार कर दिया है।
आपको बता दें, कि इजराइल और हमास के बीच चल रहे इस जंग के अब 100 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है, कि जब तक हमास का समूल नाश नहीं कर दिया जाता है, तब तक दुनिया की कोई भी शक्ति इजराइल के युद्ध को नहीं रोक सकती है।












Click it and Unblock the Notifications