G20 Summit: कौन कौन देश जी20 सम्मेलन में शिरकत करने आ रहे भारत, कौन बना रहे दूरी, फाइनल लिस्ट देखिए
G20 Summit in Delhi: भारत 9 और 10 सितंबर को एक मेगा इवेंट, जी20 लीडर शिखर सम्मेलन आयोजित करने वाला है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, यूके के पीएम ऋषि सुनक, ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीस और कई अन्य नेताओं सहित दुनिया के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
ग्रुप ऑफ़ ट्वेंटी (G20) अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का प्रमुख मंच है। यह सभी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मुद्दों पर वैश्विक आर्किटेक्चर और शासन को आकार देने और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

G20 में 19 देश शामिल हैं - अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और यूनाइटेड और यूरोपीय संघ। इसके अलावा, इस साल भारत ने बांग्लादेश, मिस्र, मॉरीशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन और यूएई को इस सम्मेलन में आमंत्रित किया है।
G20 सदस्य वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 85%, वैश्विक व्यापार का 75% से ज्यादा और विश्व जनसंख्या का लगभग दो-तिहाई प्रतिनिधित्व करते हैं। इसीलिए, फिलहाल ये दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, और भारत पहली बार जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
सम्मेलन में कौन कौन नेता हो रहे शामिल?
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन: बाइडेन जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए गुरुवार को भारत की यात्रा करेंगे, नई दिल्ली में उनकी प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी होगी। इसकी जानकारी व्हाइट हाउस ने दी है।
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, कि राष्ट्रपति गुरुवार को जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली, भारत की यात्रा करेंगे। 8 सितंबर को राष्ट्रपति बाइडेन, प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे।
यूके के प्रधान मंत्री ऋषि सुनक: ऋषि सुनक आगामी शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पिछले साल की शुरुआत में कार्यभार संभालने के बाद नई दिल्ली की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा करेंगे।

ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बानीज़: ऑस्ट्रेलिया उन कई देशों में से एक है, जिसने घोषणा की थी कि उसके प्रधान मंत्री जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री की भारत यात्रा उनके तीन देशों के दौरे का हिस्सा होगी। अन्य दो देश जिनका वह दौरा करेंगे वे हैं इंडोनेशिया और फिलीपींस हैं।
कनाडा के प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो: उन्होंने नई दिल्ली में आगामी शिखर सम्मेलन के लिए अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। इस समय भारत और कनाडा के रिश्ते खालिस्तानियों की वजह से ऐतिहासिक निचले स्तर पर हैं और कनाडा ने पिछले हफ्ते अचानक फैसला लेते हुए, भारत के साथ ट्रेड डील पर बातचीत रोक दी है।
जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़: जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़, जिन्होंने हाल ही में क्षतिग्रस्त आंख के साथ एक तस्वीर पोस्ट करके मीम उत्सव को बढ़ावा दिया है, उन्होंने नई दिल्ली में आगामी जी20 शिखर सम्मेलन में उपस्थिति की पुष्टि की है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों: वह 9 और 10 सितंबर को होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा, यह भी उम्मीद है, कि नेता प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज: उन्होंने नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन में अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है।
जापान के प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा: उनका शिखर सम्मेलन में भाग लेने का कार्यक्रम है, जापान इसकी पुष्टि कर चुका है।
तुर्की के राष्ट्रपति तैय्यप एर्दोगन: फिलहाल, दिल्ली के कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति के बारे में कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है, कि वह इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन: क्रेमलिन ने पुष्टि की कि पुतिन नई दिल्ली में बहुप्रतीक्षित जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए भारत नहीं आएंगे।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग: चीनी विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि शी इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे, लेकिन चीन ने कहा है, कि प्रधानमंत्री ली कियांग नई दिल्ली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा: ब्राज़ील दिसंबर में भारत से जी20 ब्लॉक की अध्यक्षता लेने के लिए तैयार है, लेकिन ब्राजील ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपने राष्ट्रपति की नई दिल्ली में उपस्थिति की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि ब्राजील के राष्ट्रपति के भारत आने का कार्यक्रम है।

आधिकारिक सूत्रो के मुताबिक, सभी G20 सदस्यों (रूस के व्लादिमीर पुतिन, चीन के शी जिनपिंग, मैक्सिको के एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्रेडोर को छोड़कर) अन्य सभी भागीदार देशों के राष्ट्राध्यक्षों के भारत आने का कार्यक्रम है।
पहले सऊदी अरब के प्रधानमंत्री मोहम्मद-बिन सलमान के आने को लेकर कुछ सस्पेंस था, लेकिन सऊदी अरब ने पुष्टि की है, कि प्रिंस सलमान भारत आ रहे हैं और उन्होंने पाकिस्तान में कुछ देर रूकने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है।
इन वैश्विक नेताओं के अलावा, बैठक में संयुक्त राष्ट्र, आईएमएफ, विश्व बैंक और डब्ल्यूटीओ के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
उनके अलावा, भारत ने तीन क्षेत्रीय और तीन अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। क्षेत्रीय संगठनों में अफ़्रीकी संघ (एयू), अफ़्रीकी संघ विकास एजेंसी-अफ़्रीका के विकास के लिए नई भागीदारी (AUDA-NEPAD), और दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ (आसियान) शामिल हैं।
भारत की कोशिश अफ्रीकी संघ को जी20 की सदस्यता दिलाना है और भारत इसकी जोरदार पैरवी कर रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय संगठन अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए), आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन (सीडीआरआई), और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) को भी नई दिल्ली ने आमंत्रण भेजा है और ये भी कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications