भूकंप से आज फिर हिला इंडोनेशिया, अब तक 1200 लोगों की मौत
जकार्ता। इंडोनेशिया पिछले सप्ताह आए भूकंप और सुनामी की तबाही से फिलहाल उभरा ही नहीं है कि मंगलवार को एक बार फिर तेज भूकंप झटकों ने लोगों को डरा दिया है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप और दक्षिण में एक अन्य द्वीप पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। चार दिन पहले इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में आए शक्तिशाली भूकंप और सुनामी से अब तक 1,234 लोगों की मौत हो चुकी है।

इंडोनेशिया में मंगलावर सुबह सुलावेसी द्वीप में भूकंप के कई झटके महसूस किए गए। सूंबा प्रांत में सुबह करीब 7 बजे भूकंप झटके लगने शुरू हुए। करीब 8 बजे 6.0 की तीव्रता से पहला तेज झटका और उसके 15 मिनट के बाद 5.9 की तीव्रता से दूसरा बड़ा झटका लोगों को एक बार हैरत में डाल दिया।
पहला भूकंप आने के तुरंत बाद ही लोग घरों से बाहर निकल गए। हालांकि, उसके बाद भी कई झटके महसूस किए गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस भूकंप के झटकों में एक ब्रिज क्षतिग्रस्त जरूर हुआ है, लेकिन कोई हताहत की खबर नहीं है।
पिछले सप्ताह शुक्रवार को 7.7 की तीव्रता से भूकंप के तेज झटकों और उसके बाद आयी सुनामी ने सुलावेसी द्वीप के पालू शहर को पूरा बर्बाद कर दिया। इस भूकंप में हजारों इमारतें ढह गई है। ज्यादातर लोगों की मौत इमारतों के नीचे दबने से हुई है। मलबों और इमारतों के नीचे से लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है। इंडोनेशिया में 2004 के बाद इस बार सबसे ज्यादा तबाही मची है, जिसमें अब तक 1,234 लोगों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications