अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आतंकी हमला, राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार घायल
काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक के बाद एक तीन ब्लास्ट हुए हैं। जो जानकारी टोलो न्यूज की ओर से दी गई उसके मुताबिक ब्लास्ट के बाद आतंकियों की ओर से फायरिंग भी की जा रही है। इस हमले में कितने लोगों की जानमाल का नुकसान हुआ है अभी तक इसकी जानकारी हासिल नहीं हो सकी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अभी तक इसमें 14 लोग घायल हैं। अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई भी मौजूद
हमला काबुल पीडी13 में हुआ, जहां पर अब्दुल अली मजारी की 24वीं पुण्यतिथि पर समारोह चल रहा था। यहां पर कई राजनेता मौजूद हैं। अफगाननिस्तान की मीडिया का दावा है कि पहले भीड़ पर फायरिंग की गई। इसके बाद मोर्टार दागे गए।समारोह में पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई समेत कई राजनेता और बड़े अधिकारी मौजूद थे। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार अब्दुल लतीफ पेड्रम हमले में घायल हो गए हैं। इलाके को खाली करा लिया गया है और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंतरिक मंत्रालय के एक प्रवक्ता नुसरत रहीमी ने पुष्टि की कि काबुल के पीडी13 में एक समारोह के दौरान एक घर से चार मोर्टार दागे गए हैं। बुधवार को भी अफगानिस्तान के पूर्वी नांगरहार प्रांत की राजधानी जलालाबाद में आत्मघाती हमला किया गया था। इस हमले में 17 लोगों की मौत हो गई थी। प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता अताउल्लाह खोगियानी ने कहा था कि मारे गए लोगों में अफगान निर्माण कंपनी ईबीई के 16 कर्मचारी और एक सैन्य खुफिया अधिकारी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications