Twitter डील कैंसल कर सकते हैं एलन मस्क, कंपनी पर लगाया ये आरोप
एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने के लिए अपने 44 बिलियन के समझौते को समाप्त करने की धमकी दी है। मस्क ने ट्विटर पर अपने स्पैम बॉट खातों के बारे में जानकारी देने से इनकार करने का आरोप लगाया है।
वाशिंगटन, 06 जूनः एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने के लिए अपने 44 बिलियन के समझौते को समाप्त करने की धमकी दी है। मस्क ने ट्विटर पर अपने स्पैम बॉट खातों के बारे में जानकारी देने से इनकार करने का आरोप लगाया है।

ट्विटर मस्क की मांगों को कर रही अनदेखा
टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क के वकीलों ने सोमवार को ट्विटर को लिखे एक पत्र में धमकी दी है कि यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म प्रतिभूति और विनिमय आयोग के साथ फाइलिंग में शामिल है और एलन मस्क के स्पैम बॉट संबंधित जानकारी देने को अनदेखा कर रहा है। पत्र में कहा गया है कि मस्क ने कंपनी को खरीदने के अपने प्रस्ताव के लगभग एक महीने बाद, 9 मई से बार-बार जानकारी मांगी है, ताकि वह मूल्यांकन कर सके कि कंपनी के 229 मिलियन खातों में से कितने फर्जी हैं।

फर्जी खातों की जानकारी चाहते हैं मस्क
वकीलों ने अपने पत्र में कहा है कि ट्विटर ने केवल कंपनी के डाटा सैंपलिंग के तरीकों के बारे में जानकारी देने की बात कही है। लेकिन यह मस्क के डेटा संबंधित जानकारी के अनुरोध को अनदेखा करता है। जबकि एलन मस्क ट्विटर के सभी फर्जी खातों की जानकारी चाहते हैं। इससे पहले शुक्रवार को ट्विटर ने कहा कि एलन मस्क की 44 अरब डॉलर वाली ट्विटर खरीदने की डील का वेटिंग पीरियड HSR एक्ट के मुताबिक खत्म हो गया है।

अप्रैल में मस्क ने किया था ऐलान
बता दें कि दुनिया के सबसे अमीर बिजनेसमैन एलन मस्क ने मार्च में ट्विटर खरीदने की इच्छा जताई थी और अगले ही महीने अप्रैल में मस्क ने इस कंपनी को खरीदने का ऐलान किया था। ट्विटर को खरीदने का ऑफर देने के कुछ दिन बाद एलन मस्क ने इस डील को 'टेंपरेरी होल्ड' पर डाल दिया था। एलन मस्क ने कहा कि उन्हें ट्विटर को लेकर और जानकारी चाहिए। इसमें फेक अकाउंट का मुद्दा भी शामिल था।

फर्जी खातों को लेकर जताई चिंता
अमेरिका में बड़े अमाउंट की डील के लिए HSR एक्ट काम करता है। इसके तहत जब भी कोई कंपनी अरबों डॉलर यानी बड़े अमाउंट की डील करती है, तो संबंधित पक्षों को फेडरल ट्रेड कमीशन और अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस एंटीट्रस्ट डिवीजन को रिव्यू के लिए इसकी जानकारी देनी होती है। मस्क ने कहा कि ट्विटर खरीदने के लिए उन्होंने जो पेशकश की थी वह ट्विटर के ग्राहकों की असली संख्या के आधार पर थी, और वह सौदे को लेकर तब तक आगे नहीं बढ़ेंगे, जब तक इस बात का सबूत न हो कि 5% से कम खाते फर्जी हैं। उन्होंने चिंता जताई थी कि ट्विटर पर लगभग 20 फीसदी खाते फर्जी हैं।

1 बिलियन का लग सकता है जुर्माना
हालांकि इसके बाद मस्क ने बाद में स्पष्ट किया था कि वह अभी भी ट्विटर को खरीदने के लिए कमिटेड है। एलन मस्क इस डील से खुद पीछे हटते हैं तो उन पर 1 बिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसको लेकर कंपनी और उनके बीच एक एग्रीमेंट हुआ है, जिसमें इस डील को कैंसिल करने की स्थिति जो पार्टी डील कैंसिल करेगी उसे 1 बिलियन डॉलर जुर्माने के तौर पर देना होगा। इसके साथ ही अनुबंध का जो उल्लंघन होता है, उसके मुकदमे में जो भारी भरकम कानूनी खर्च आएगा, वो भी एलन मस्क को ही देना होगा। लिहाजा, एलन मस्क के लिए अब अपने पैर पीछे खींचना आसान नहीं होने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications