Elon Musk Prediction:'वह चले जाएंगे', ट्रंप की जीत के बाद अब ट्रूडो के भाग्य पर एलन मस्क की भविष्यवाणी!
Elon Musk Justin Trudeau Predictions: टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने एक साहसिक भविष्यवाणी की है कि कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो अगले चुनाव में अपना पद खो सकते हैं। मस्क ने यह टिप्पणी तब की, जब एक सोशल मीडिया यूजर्स ने उनसे ट्रूडो को पद से हटाने में सहायता के लिए अनुरोध किया।
मस्क ने X (पूर्व में ट्विटर) पर जवाब देते हुए कहा, वह चले जाएंगे। इस बयान ने मस्क के समर्थकों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा का माहौल गर्म कर दिया है।

मस्क की भविष्यवाणी के आधार पर लोग इसे गंभीरता से ले रहे हैं, क्योंकि उन्होंने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बारे में भी भविष्यवाणी की थी, जो सच साबित हुई। अब अगर मस्क की यह भविष्यवाणी भी सटीक साबित होती है, तो ट्रूडो को कनाडा के प्रधानमंत्री का पद छोड़ना पड़ सकता है।
ट्रूडो के सामने ये चुनावी चुनौतियां
वर्तमान में जस्टिन ट्रूडो की अल्पमत सरकार है, जो उन्हें कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोलिएवर और न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जगमीत सिंह से कठिन चुनौती का सामना करवा रही है। ट्रूडो की अल्पमत स्थिति उनके सत्ता खोने की संभावनाओं को और बढ़ा रही है। मस्क के बयान ने ट्रूडो की राजनीतिक स्थिति पर और भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मस्क का ट्रूडो की नीतियों पर आलोचना
मस्क ने पहले भी कनाडा की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कनाडा सरकार की नीतियों की आलोचना की थी। मस्क ने विशेष रूप से ऑनलाइन स्ट्रीमिंग सेवाओं पर पंजीकरण के नए नियमों पर सवाल उठाए, जिनके तहत उन्हें सरकारी निगरानी में लाने की आवश्यकता होती है। मस्क के अनुसार, यह स्वतंत्रता पर सरकार का हस्तक्षेप है।
आपको बता दें कि, बीते दिन कनाडा में ऑस्ट्रेलियाई चैनल को ब्लॉक कर दिया। इसको लेकर, भारत ने भी जस्टिन ट्रूडो सरकार की कड़ी आलोचना की है। दरअसल, कनाडा के ब्लॉक करने के पीछे का कारण भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग की प्रेस कॉन्फ्रेंस को प्रसारित करना था। इस कॉन्फ्रेंस में जयशंकर ने कनाडा की आलोचना की थी।
ट्रंप की नीतियों का कनाडा पर संभावित असर
ट्रंप की जीत से कनाडा की अर्थव्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ सकता है। कनाडा अपने निर्यात का 75% हिस्सा संयुक्त राज्य अमेरिका को भेजता है, और ट्रंप द्वारा प्रस्तावित आयात टैरिफ के कारण कनाडाई अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना है। ट्रंप ने सभी आयातों पर 10% का टैरिफ लगाने का सुझाव दिया है, जिसने कनाडाई विशेषज्ञों और अधिकारियों के बीच चिंता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें- US Election Result: डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया पर जलवा, हर तरफ छाए! क्या एलन मस्क ने बदल दिया X का लाइक बटन?
भारत-कनाडा संबंधों में तनाव
ट्रूडो सरकार के कार्यकाल में भारत और कनाडा के बीच राजनयिक संबंधों में भी खटास आई है। भारत ने कनाडा में चरमपंथी गतिविधियों और भारत-विरोधी रुख को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं। खासतौर से, खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की मौत के बाद, कनाडाई अधिकारियों द्वारा भारत पर लगाए गए निराधार आरोपों से दोनों देशों के संबंधों में और अधिक तनाव आया है। इसके परिणामस्वरूप, भारत ने अपने उच्चायुक्त को वापस बुला लिया और कनाडा में हिंदू मंदिर पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की।
एलन मस्क की भविष्यवाणी ने जस्टिन ट्रूडो के राजनीतिक भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कनाडा की राजनीति में जहां ट्रूडो को विपक्षी पार्टियों से चुनौती मिल रही है, वहीं ट्रंप की नीतियों और भारत के साथ बिगड़ते रिश्ते ने उनके सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। अगर मस्क की यह भविष्यवाणी भी सही साबित होती है, तो आने वाले चुनावों में जस्टिन ट्रूडो की कुर्सी पर संकट आ सकता है।
ये भी पढ़ें- Elon Musk: कोई कमला हैरिस या बाइडेन की हत्या की कोशिश क्यों नहीं कर रहा? ट्रंप पर हमले के बाद बौखलाए एलन मस्क












Click it and Unblock the Notifications