एलन मस्क ने ChatGPT को बताया परमाणु बम से भी अधिक खतरनाक, AI प्रोजेक्ट छोड़ने का कारण भी बताया
मस्क ने 2018 में OpenAI के निदेशक मंडल का पद छोड़ दिया था। अब कंपनी में उनकी कोई हिस्सेदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि शुरूआत में इसे ओपन-सोर्स गैर-लाभकारी संस्था के रूप में बनाया गया था। अब यह बंद-स्रोत और लाभ के लिए है।

Image: oneindia
ChatGPT को टेक इतिहास की सबसे बड़ी क्रांतियों में से एक बताया जा रहा है। लांच होने के बाद से ही हर जगह इसकी ही चर्चा हो रही है। हालांकि मानव जगत को जितनी इससे उम्मीदें हैं, उतना ही इसे लेकर आशंकाएं भी हैं। कोई इसे सुरक्षा के लिए खतरा बता रहा है तो किसी को डर है कि इससे भारी मात्रा में रोजगार छीन जाएगा जिससे समाज में असंतुलन पैदा होगा। खुद एलन मस्क ने ChatGPT को खतरनाक बताकर इस चर्चा को और आगे बढ़ा दिया है। एलन मस्क ने यह कहते हुए चेतावनी दी है कि सभ्यता के भविष्य के लिए एआई सबसे बड़ा जोखिम है। आपको बता दें कि एलन मस्क OpenAI के शुरुआती निवेशकों और समर्थकों में से एक रहे हैं।
OpenAI के संस्थापक सदस्य थे मस्क
एलन मस्क अमेरिकी फर्म OpenAI के सह-संस्थापकों में से एक थे, जिसने लोकप्रिय जेनेरेटिव AI चैटबॉट ChatGPT को डेवलप किया था। ऐसे में ये सवाल लाजिमी है कि अगर खुद एलन मस्क ने कुछ साल पहले ChatGPT को बढ़ाने में अपना योगदान दिया था तो अब वे खुद इसकी बुराई क्यों करने लगे हैं? ChatGPT के निर्माण पर चर्चा के तुरंत बाद दुबई में आयोजित वर्ल्ड गवर्नमेंट समिट में मस्क ने कहा कि AI मानवता के अस्तित्व के लिए सबसे बड़े खतरों में से एक है। उन्होंने कहा कि ChatGPT खुद मानव बनना चाहता है।
'AI को कंट्रोल में रखना जरूरी'
एलन मस्क से जब ये पूछा गया कि वह अब से 10 साल बाद टेक्नोलॉजी को कैसे विकसित होते हुए देखते हैं? इसपर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक या नकारात्मक दोनों हो सकता है...ये अविश्वसनीय है, इसमें महान क्षमताएं हैं, लेकिन इसके साथ ही बड़ा खतरा भी आता है। एलन मस्क ने बताया कि ChatGPT यह दिखा दिया है कि AI कितना एडवांस हो चुका है। ये लगातार खुद में सुधार कर रहा है। एलन मस्क ने कहा कि इसमें ऐसा यूजर इंटरफेस नहीं था जो लोगों के लिए सुलभ हो... कारों, विमानों और चिकित्सा के विपरीत, इसके विकास को नियंत्रण में रखने के लिए कोई नियम नहीं हैं।
परमाणु बम से अधिक खतरनाक है AI
एलन मस्क ने कहा, मुझे लगता है कि हमें स्पष्ट रूप से AI सुरक्षा को विनियमित करने की आवश्यकता है। उन्हें लगता है कि कुछ रेगुलेशन से ये कुछ धीमा हो सकता है। मुझे लगता है कि यह वास्तव में समाज के लिए एक बड़ा जोखिम है। एलन मस्क इससे पहले भी AI को लेकर चेतावनी दे चुके हैं और इसे परमाणु बम की तुलना में मानव सभ्यता के लिए अधिक घातक बताते रहे हैं। मस्क ने 2018 में OpenAI के निदेशक मंडल का पद छोड़ दिया था। अब कंपनी में उनकी कोई हिस्सेदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि शुरूआत में इसे ओपन-सोर्स गैर-लाभकारी संस्था के रूप में बनाया गया था। अब यह बंद-स्रोत और लाभ के लिए है।
ChatGPT नहीं, TruthGPT की जरूरत
एलन मस्क ने कहा कि अब OpenAI में उनकी कोई हिस्सेदारी नहीं है, न ही वे बोर्ड में हैं, और न ही वे इसे किसी भी तरह से नियंत्रित करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने OpenAI इसलिए शुरू किया था क्योंकि उन्हें यकीन था कि गूगल AI सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा है। मस्क के मुताबिक वह AI के साथ तब थे जब उसका उद्देश्य समाज का विकास करना था, लेकिन आज वह बिजनेस बनकर रह गया है। इसे एक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट चला रही है। वह ऐसा कभी नहीं चाहते थे कि यह किसी की निजी जागीर बन जाए। एलन मस्क ने कहा कि दुनिया को ChatGPT नहीं बल्कि TruthGPT की जरूरत है। उन्होंने इसे बंद करने की सलाह दी है।












Click it and Unblock the Notifications