न्यूयॉर्क में हेट क्राइम के शिकार बुजुर्ग सिख शख्स की मौत, बीच सड़क पर मुक्के मार-मारकर किया गया था अधमरा
New York Elderly Sikh man Killed: अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में सड़क पर हैवानियत के शिकार बुजुर्ग सिख शख्स की अस्पताल में मौत हो गई है, जिसपर न्यूयॉर्क के मेयर ने दुख जताया है। न्यूयॉर्क के मेयर ने इस घटना को 'हेट क्राइम' करार दिया है।
आपको बता दें, कि पिछले हफ्ते न्यूयॉर्क सिटी में एक बुजुर्ग सिख शख्स की सड़क पर बुरी तरह से पिटाई की गई थी, जिसमें वो बुरी तरह से घायल हो गये थे और अब उनकी मौत हो गई है। न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स ने शोक जताते हुए कहा, कि जसमेर सिंह न्यूयॉर्क शहर से "प्यार" करते थे और "वो इस मौत के हकदार नहीं थे।"

न्यूयॉर्क के मेयर ने लिखा, "सभी न्यूयॉर्क वासियों की तरफ से, मैं चाहता हूं कि हमारा सिख समुदाय यह जाने, कि आपके प्रति हमारी संवेदनाएं काफी हैं। आपके लिए हम शपथ लेते हैं, कि हम उस नफरत को अस्वीकार करते हैं, जिसने इस निर्दोष की जान ले ली, और हम आपकी रक्षा करेंगे।"
वहीं, एक और ट्वीट में एडम्स ने कहा, कि उनकी टीम इस हफ्ते शहर के सिख नेताओं से मुलाकात करेगी और "इस चुनौतीपूर्ण क्षण में इस महत्वपूर्ण समुदाय की जरूरतों" पर चर्चा करेगी।
न्यूयॉर्क की स्थानीय डेली न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क शहर में एक कार दुर्घटना के बाद 30 साल के एक शख्स ने जसमेर सिंह की बुरी तरह से पिटाई कर दी। उन्हें बीच सड़क पर काफी मारा गया, उनके चेहरे पर लगातार मुक्के मारे गये और सिर पर हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई। जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में क्वींस के जमैका हॉस्पिटल मेडिकल सेंटर में भर्ती करवाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
डॉक्टरों ने बताया है, कि जसमेर सिंह के सिर में काफी गंभीर चोट थी, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई है।
डेली न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है, कि आरोपी का नाम गिल्बर्ट ऑगस्टिन है, जिसे 20 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर अन्य छोटे आरोपों के अलावा हत्या और हमले का आरोप लगाया गया था।
आपको बता दें, कि इससे पहले भी कुछ दिन पहले, न्यूयॉर्क से एक सिख व्यक्ति के खिलाफ संदिग्ध घृणा अपराध की एक और घटना सामने आई थी, जिसमें एक 19 साल के एक सिख लड़के को पगड़ी पहनने की वजह से पीटा गया था और उसके पीठ और सिर के पिछले हिस्से पर बार-बार मुक्का मारा गया था।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, क्रिस्टोफर फिलिपो के रूप में पहचाने जाने वाले 26 साल के आरोपी व्यक्ति को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उस पर घृणा अपराध का आरोप लगाया गया।












Click it and Unblock the Notifications