लोगों की उत्तेजना भड़काने के आरोप में महिला पॉप सिंगर को दो साल की सजा
काहिरा। मिश्र की एक महिला पॉप सिंगर को उत्तेजना भड़काने के आरोप में दो साल की सजा मिली है। सिंगर पर आरोप है कि उसने यूट्यूब पर अपने गाने के जरिए लोगों की उत्तेजना को भड़काया और माहौल खराब करने की कोशिश की है। सिंगर के साथ वीडियो क्लिप के डायरेक्टर मोहम्मद गामेल को भी सजा मिली है।
काहिरा कोर्ट ने इजिप्त में 21 साल की पॉप सिंगर शायमा को गिरफ्तार कर उनपर 10,000 पाउंड का जुर्माना भी लगाया है। शायमा के साथ डायरेक्टर की भी गिरफ्तारी हुई है। हालांकि, दोनों इस आदेश के खिलाफ कोर्ट में अपील कर सकते हैं।
इस वीडियो में सिंगर अंडरवियर पहनकर एक युवा के सामने सेब और केला खाते गाना गाते हुए नजर आ रही हैं, जिसके बाद कई कट्टरपंथी लोगों ने इसका विरोध किया है। सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस के बाद पुलिस ने सिंगर और डायरेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की है।
हालांकि, काफी लोगों के विरोध के बाद सिंगर ने माफी भी मांगी। इसी प्रकार 2015 में भी इजिप्त में एक डांसर को लोगों की भावनाएं भड़काने के आरोप में गिरफ्तार कर एक साल की सजा सुनाई थी।