VIDEO: संसद में भूकंप पर बहस के दौरान ही आ गया भूकंप, तेज झटकों से डरकर भागे सांसद
संसद में बहस के दौरान कुछ ही सेकंड के बीच दो बार धरती कांपने लगी और बड़े झटके ने संसद भवन को पूरी तरह से हिला दिया था।
वादूज, सितंबर 02: यूरोपीय देश लिस्टेंस्टीन की संसद में एक बहुत अजीब वाकया हुआ है, जब भूकंप पर बहस के दौरान ही भूकंप आ गया और संसद में बहस कर रहे सांसदों को संसद छोड़कर बाहर भागना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और वीडियो में देश की संसद की इमारत को कांपते हुए देखा जा सकता है।

बहस के दौरान ही आया भूकंप
लिस्टेंस्टीन, जो एक यूरोपीय देश है, उसकी संसद में गुरूवार को भूकंप को लेकर ही बहस चल रही थी और उसी वक्त धरती कांपने लगी। रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 4.1 थी और संसद भवन को कांपता देख सभी सांसद बहस को बीच में ही छोड़कर भाग खड़े हुए। संसद में भूकंप को लेकर बहस इस बात पर हो रही थी, कि क्या छोटे यूरोपीय राष्ट्र को भूकंप की स्थिति में बीमा अनिवार्य करने की आवश्यकता है। लैंडटैग द्वारा प्रकाशित वीडियो फुटेज से पता चलता है कि, कैसे कुछ ही सेकंड में इमारत में दो झटके महसूस किए गए। पहली बार भूकंप के झटके आने पर FBP सांसद बेट्टीना पेटज़ोल्ड माहर थोड़ा हंसने लगीं, जो उस वक्त संसद को संबोधित कर रहीं थी, लेकिन जब दूसरी बार का झटका थोड़ा तेज महसूस हुआ तो उन्होंने बहस को बंद कर दिया और सभी सांसद संसद भवन से बाहर निकल गये।

कुछ ही सेकंड में दो झटके
रिपोर्ट के मुताबिक, संसद में बहस के दौरान कुछ ही सेकंड के बीच दो बार धरती कांपने लगी और बड़े झटके ने संसद भवन को पूरी तरह से हिला दिया था, जिसके बाद संसद के अध्यक्ष ने बहस को बीच में ही रोकने की घोषणा कर दी और सभी सांसदों से इमारत से बाहर निकलने का आग्रह किया। वहीं, लिस्टेंस्टीन पुलिस ने कहा कि, उन्हें भूकंप प्रभावित क्षेत्रों से भूकंप को लेकर बड़ी संख्या में कॉल आए हैं और कई जगहों पर भूकंप की तीव्रता 2.4, कहीं 3.9 और संसद में 4.1 थी। पुलिस ने अपने बयान में अभी तक जान और माल के नुकसान का पता नहीं चलने की बात कही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस भूकंप का केन्द्र ऑस्ट्रियाई शहर डोर्नबर्न से करीब 19 किलोमीटर दक्षिण में था। भूकंप कथित तौर पर ऑस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड के कुछ हिस्सों के साथ-साथ दक्षिणी जर्मन राज्यों बवेरिया और बाडेन-वुर्टेमबर्ग में महसूस किए गए हैं।
आते रहते हैं अकसर भूकंप
इससे पहले अक्टूबर 2020 में वआइसलैंड की प्रधानमंत्री कैटरीन जैकब्सडॉटिर की प्रेस कॉन्फ्रेंस भी उस वक्त बाधित हो गई थी, जब देश में 5.6-तीव्रता का भूकंप आया था। उससे पहले 2020 में ही न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेंसिडा अर्डन का लाइव इंटरव्यू भी भूकंप के तेज झटकों की वजह से बाधित हुआ था। आपको बता दें कि, पिछले हफ्ते इंडोनेशिया में भी भूकंप आया था और इंडोनेशिया भूकंप के तेज झटकों के लिए जाना जाता है और भूकंप को लेकर ये अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में से एक है, जहां भूकंप की वजह से कई बार भीषण तबाही मच चुकी है। भूकंप की वजह से इंडोनेशिया के पहाड़ों पर ज्वालामुखी भी फूटते रहते हैं और कई बार सुनामी भी आ चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications