Earthquake: भारत-पाकिस्तान-बांग्लादेश में भूकंप के तेज झटके, बंगाल से लेकर बलूचिस्तान तक कांपी धरती!
Earthquake: बांग्लादेश के नरसिंगदी से 13 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके कारण इन क्षेत्रों में धरती कांप उठी। कोलकाता और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।
लोग घबराकर घरों से बाहर निकले
कोलकाता के साथ-साथ मालदा, कूचबिहार, नदिया, दक्षिण दिनाजपुर और सिलीगुड़ी में भी लोगों ने तेज झटके महसूस किए, जिससे घबराकर वे इमारतों से बाहर निकल आए। भूकंप की उथली गहराई के कारण झटके पूरे क्षेत्र में व्यापक रूप से महसूस किए गए, हालांकि इनकी अवधि बहुत कम थी।

भूकंप की गहराई सिर्फ 10 किमी दर्ज
जर्मन रिसर्च केंद्र GFZ के अनुसार, यह भूकंप सुबह 04:38 यूटीसी पर आया और इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। अभी तक किसी बड़े नुकसान या चोट की सूचना नहीं है, लेकिन अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। कई निवासियों ने झटकों को "तेज और अचानक" बताया।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान में भी तड़के आए झटके
यह घटना उस समय सामने आई जब इससे पहले शुक्रवार तड़के पाकिस्तान और अफगानिस्तान में दो मध्यम तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए। पहला भूकंप अफगानिस्तान में सुबह 1:59 बजे आया, जिसकी तीव्रता 4.2 थी और यह 190 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज हुआ।
एनसीएस ने साझा की भूकंप की सटीक लोकेशन
एनसीएस के अनुसार, अफगानिस्तान वाला झटका बलूचितस्तान, गिलगित बल्टिस्तान, खैबर पख्तूनख्वाह समेत कई दूसरे इलाकों में महसूस किए गए।
पाकिस्तान में 5.2 तीव्रता का भूकंप
दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप पाकिस्तान में सुबह 3:09 बजे दर्ज हुआ, जिसकी तीव्रता 5.2 थी। यह भूकंप 135 किलोमीटर की गहराई पर 36.12°N अक्षांश और 71.51°E देशांतर के पास आया।
हिंद महासागर में भी दर्ज हुआ भूकंप
इसके अलावा, भारतीय समयानुसार 2:41 बजे हिंद महासागर क्षेत्र में भी 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। पिछले कुछ समय में पाकिस्तान में कई बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।
क्यों आ रहे हैं इतने भूकंप?
पाकिस्तान-अफगानिस्तान क्षेत्र भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के संगम पर स्थित है, जहां हाल के वर्षों में भूकंप की घटनाएं तेज़ी से बढ़ी हैं। नवंबर 2025 में मजार-ए-शरीफ के पास आए 6.3 तीव्रता के भूकंप में सात लोगों की मौत हुई थी और 150 घायल हुए थे।
अगस्त 2025 में आए भूकंप में 2000 से अधिक मौतें
अगस्त 2025 में आधी रात से पहले अफगानिस्तान में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद पूरे सप्ताह कई शक्तिशाली आफ्टरशॉक आए, जिनमें 2000 से अधिक लोगों की जान चली गई और हजारों घायल हुए।
2025 में पाकिस्तान में भी कई भूकंप दर्ज
इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान में 5 से 5.7 तीव्रता के कई भूकंप आए। 29 जून को 5.5 तीव्रता, 10 मई को 5.7 तीव्रता और 12 अप्रैल को 5.0 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए थे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।
इस बारे में आपकी क्या जानकारी है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications