पाकिस्तान के हरनाई में भूकंप के झटके, 20 की मौत, 200 घायल
इस्लामाबाद, 07 अक्टूबर। पाकिस्तान मे आज सुबह काफी तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के झटके दक्षिणी पाकिस्तान के हरनाई में महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.0 दर्ज की गई है। नेशनल सेंटर ऑफ सिस्मोलॉजी की ओर से कहा गया है कि भूकंप सुबह तकरीबन 3.30 बजे हरनाई में महसूस किए गए हैं। वहीं एएफपी के अनुसार इस भूकंप में 15 लोगों की जान चली गई है। रिपोर्ट के अनुसार तकरीबन 150 लोग इस भूकंप में घायल हुए हैं। साथ ही कई घरों को नुकसान पहुंचने की खबर भी सामने आई है। भूकंप की तीव्रता इतनी तेज थी कि आस-पास के जिलों में इसे महसूस किया गया है और काफी नुकसान हुआ है। डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी डायरेक्टर जनरल नसीर नासिर ने बताया कि भूकंप में 20 लोगों की मृत्यु हो गई है जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

भूकंप के बात राहत और बचाव के कार्य में प्रशासन जुट गया है। क्वेटा से भारी मशीनरी आदि को रवाना कर दिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के हालत यहां इतने खराब हैं कि भूकंप की वजह से रोशनी नहीं है और मोबाइल टॉर्च से काम चलाना पड़ रहा है। वहीं अधिकारियों का कहना हैकि भूकंप का असर कई जिलों में देखने को मिला है, ऐसे में घायलों की सटीक जानकारी मुहैया करा पाना फिलहाल संभव नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications