अब चीन की सड़कों पर दौड़ेगी बिना ड्राइवर की बस
बीजिंग। भले ही चीन के आर्थिक हालातों के बारे में दुनियाभर में बातें हो रही हों लेकिन फिर भी चीन एशिया और दुनिया के कई देशों के सामने चुनौती पेश करने में सक्षम है। इसकी मिसाल है चीन की सड़कों दौड़ने को तैयार बिना ड्राइवर की बस।

चीन के हेनान प्रोविंस की सड़कों पर जल्द ही बिना ड्राइवर वाली बसें दौड़ती हुई नजर आएंगी। इन बसों का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। चीन की एक बस निर्माता कंपनी की ओर से इसकी जानकारी दी गई है।
चीन की बस निर्माता कंपनी युतोंग बस कंपनी लिमिटेड के मुताबिक उसकी 10.5 मीटर की यह चालकरहित हाइब्रिड बस ने अगस्त में झेंगझू शहर को केफेंग शहर के साथ जोड़ने वाली सड़क पर लगभग 32.6 किलोमीटर का सफर तय किया।
कंपनी ने कहा है कि ड्राइवरलेस बस ने सड़क पर सभी 26 यातायात लाइटों, स्वत: लेन बदलने और दूसरे लेन में जाकर वाहनों को ओवरटेक करने सहित सभी जांच प्रक्रियाओं को पास कर लिया है। बस में दो कैमरे, चार लेजर रडार, वेव रडार और नेविगेशन सिस्टम इंस्टॉल किया हुआ है।
कंपनी के डिप्टी चीफ इंजीनियर तांग वांग ने बताया कि ये बसें चालकरहित मोड से मैन्यूल मोड में बदली जा सकती हैं। युतोंग ने वर्ष 2012 में चालकहित बसों के अनुसंधान और विकास कार्यों पर काम करना शुरू कर दिया था।
तांग ने कहा कि इन बसों के इस्तेमाल से पहले टेक्नोलॉजी में सुधार और कानूनी प्रावधान की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications