Donald Trump: डोनाल्ड ट्रंप के Inauguration में कौन-कौन पहुंच रहा? Guest list में भारत से जुड़े नाम देखिए
Donald Trump Inauguration: सोमवार (20 जनवरी, 2025) को डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में इस शपथग्रहण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहां इस वक्त बहुत ही ज्यादा ठंड पड़ रही है और माइनस से कई डिग्री नीचे तापमान की भविष्यवाणियों को देखते हुए बंद स्थान पर ही इस कार्यक्रम का आयोजन होने वाला है, जिसमें दुनिया भर से चुनिंदा मेहमान शिरकत करने वाले हैं।
अमेरिकी लोकतंत्र के इतिहास में 40 साल बाद मौसम की वजह से यह नौबत आई है कि राष्ट्रपति का शपथग्रहण समारोह खुले में होने के बजाए बंद कमरों में किया जा रहा है। इससे पहले कड़ाके की ठंड की वजह से 1985 में रोनाल्ड रीगन का शपथग्रहण भी बंद कमरों में करवाया गया था।

Donald Trump: ट्रंप के शपथ ग्रहण में पहुंच रहे मेहमानों की लिस्ट
डोनाल्ड ट्रंप के शपथग्रहण समारोह में दुनिया भर के प्रमुख नेताओं के साथ ही, बिजनेस और टेक्नोलॉजी जगत के दिग्गजों के भी पहुंचने का कार्यक्रम है।
Donald Trump: विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
इस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री एस जयशंकर करने वाले हैं। अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री ट्रंप सरकार के संभावित प्रशासनिक अधिकारियों और नेताओं के साथ बैठकें भी करने वाले हैं।
कई मीडिया रिपोर्ट में भारतीय उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी के भी ट्रंप के शपथग्रहण समारोह में पहुंचने की संभावना है।
Donald Trump: क्वाड की पूरी मौजूदगी रहेगी ट्रंप के शपथग्रहण में
इस कार्यक्रम में क्वाड के दो अन्य सदस्य जापान और ऑस्ट्रेलिया की ओर से भी उनके विदेश मंत्री क्रमश:ताकेशी इवाया और पेनी वोंग के भी पहुंचने की संभावना है। भारत और अमेरिका भी क्वाड में शामिल है, जो चीन की आंखों की किरकरी बना हुआ है।
Donald Trump: विश्व के ये तमाम ने भी बनेंगे ट्रंप के शपथग्रहण के गवाह
अमेरिका ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को भी बुलावा भेजा है, लेकिन वह अपनी जगह उपराष्ट्रपति हान झेंग को भेजने जा रहे हैं। हालांकि, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के पहुंचने की संभावना है।
यूनाइटेड किंगडम और जर्मनी अपने देशों की ओर से वैसे तो अपने-अपने राजदूतों को भेज रहे हैं। लेकिन दोनों देशों की ओर से उनके दक्षिणपंथी नेता क्रमश: निगेल फैराज और टीनो क्रुपल्लाज भी वॉशिंगटन जा रहे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन तो नहीं जा रहे हैं, लेकिन वहां से भी दक्षिणपंथी नेता एरिक जेमोर भाग लेने वाले हैं।
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो के मुताबिक उन्हें ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने का निमंत्रण मिला है। लेकिन, ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने उनके पासपोर्ट को अस्थायी रूप से बहाल करने के अनुरोध को ठुकरा दिया है। ऐसे में उनकी पत्नी मिशेल बोल्सोनारो उनकी जगह शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगी।
Donald Trump: अमेरिका के सभी पूर्व राष्ट्रपति भी होंगे कार्यक्रम में शामिल
अमेरिका के सभी मौजूदा पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से लेकर जॉर्ड डब्ल्यू बुश और बराक ओबामा भी ट्रंप के शपथग्रहण में उपस्थित रहेंगे। मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी मौजूद होंगे। चार साल पहले ट्रंप भी बाइडेन के शपथग्रहण समारोह में उपस्थित थे।
इनके अलावा 2016 में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन और 2024 में राष्ट्रपति पद की उम्मीद रहीं मौजूदा अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगी।
Donald Trump: ट्रंप के शपथग्रहण में एलन मस्क का दिखेगा जलवा
इन सबके अलावा अमेरिका की जिन बड़ी हस्तियों के इस कार्यक्रम में मौजूद रहने की संभावना है, उनमें अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस, और मेटा के मार्क जुकरबर्ग के अलावा टेस्ला के एलन मस्क का नाम सबसे आगे है। ट्रंप सरकार में मस्क नए बनाए गए विभाग डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नेंट एफिशिएंसी (DOGE) को लीड करने वाले हैं।
एप्पल के सीईओ टिम कुक और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई के भी इस कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है।
ओपनएआई ने कहा है कि उसके सीईओ सैम ऑल्टमैन, कंपनी के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन और चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर केविन वेइल भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की योजना बना रहे हैं।
उबर के अनुसार,इसके सीईओ दारा खोसरोशाही भी इससे जुड़े कार्यक्रमों की हिस्सा रहेंगे। उबर ने एलन मस्क की एक्स सोशल मीडिया फर्म और मीडिया कंपनी द फ्री प्रेस के साथ वाशिंगटन में एक इनॉगरेशन पार्टी की भी योजना बनाई है।
टिकटॉक के सीईओ शू जी च्यू के इनॉगरेशन समारोह में शामिल होने और मंच पर प्रमुख स्थान मिलने की भी संभावना है। क्योंकि, ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाला प्रशासन 'टिकटॉक को बचाने' के लिए कदम उठा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications