US Election 2024: बेहद ताकतवर हो गए डोनाल्ड ट्रंप, रामास्वामी, हेली, डेसेंटिस मिलकर भी नहीं दे पा रहे टक्कर
अमेरिका में अगले साल राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। हाल में हुए सर्वे बताते हैं कि ट्रंप अपने बाकी विरोधियों पर काफी भारी बढ़त बना चुके हैं। सोमवार को रॉयटर्स/इप्सोस के ओपिनियन पोल के मुताबिक ट्रंप ने साल 2024 के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के नामांकन मुकाबले में अपनी मजबूत स्थिति बनाई हुई है।
रिपब्लिकन पार्टी में विवेक रामास्वामी, निक्की हेली, रॉन डिसेंटिस सभी मिलकर भी ट्रंप को टक्कर नहीं दे पा रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को रिपब्लिकन पार्टी के आधे से ज्यादा वोटर्स का समर्थन हासिल है।

सर्वे के नतीजो के मुताबिक 61 फीसदी रिपब्लिकन वोटर्स ने कहा है कि वो डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति जो बाइडेन को चुनौती देने के लिए पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को वोट देंगे। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस और दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर निक्की हेली प्रत्येक को 11-11 फीसदी लोगों ने अपना समर्थन दिया है।
वहीं एक अन्य भारतवंशी उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को महज 5 फीसदी वोट मिले हैं। न्यू जर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी को 2 प्रतिशत वोट मिले हैं, वहीं 8 प्रतिशत ने कहा कि वे अभी तक तय नहीं कर पाए हैं कि वोट किसे दें?
साल 2024 के अमेरिकी चुनावों के पहले मतपत्र 15 जनवरी को आयोवा के रिपब्लिकन कॉकस में डाले जाएंगे। इस सर्वे से साफ हो गया है कि रिपब्लिकन वोटर्स को ट्रंप पर लगे कई तरह के आपराधिक आरोपों से कोई असर नहीं पड़ता है।
इसके अलावा हाल ही में सीएनएन के सर्वेक्षण में ट्रम्प, बाइडेन पर बढ़त बनाते हुए दिख रहे हैं। रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप दो प्रमुख राज्यों- मिशिगन और जॉर्जिया में बाइडन के मुकाबले अच्छी स्थिति में हैं। इसे पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ी बढ़त माना जा रहा है।
जॉर्जिया में पंजीकृत मतदाताओं में से 49 फीसदी लोग राष्ट्रपति पद के लिए ट्रंप को पसंद करते हैं जबकि 44 फीसदी लोग बाइडेन को इस पद के लिए पसंद करते हैं। पिछले चुनाव में बाइडेन ने कुछ ही अंतर से ट्रम्प को पछाड़ा था।
वहीं एक अन्य स्विंग स्टेट मिशिगन में 50 फीसदी लोगों ने राष्ट्रपति पद की पसंद के रूप में डोनाल्ड ट्रंप को पसंद किया है। जबकि 40 फीसदी लोग इस पद के लिए जो बाइडेन को पसंद करते हैं। वहीं, 10 फीसदी लोगों ने कहा कि वे किसी भी उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेंगे। अगर 2020 की बात की जाए तो यहां पर बाइडेन ने ट्रंप पर भारी बढ़त बनाई थी। जबकि इस बार स्थिति साफ उलट दिखाई दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications