Video: कार्टून बने शख्स ने पार्क में अश्वेत बच्चों से नहीं मिलाया हाथ, परिवार ने ठोंका 25 मिलियन डॉलर का केस
वॉशिंगटन, 29 जुलाई। अमेरिका में रंग और नस्ल के आधार पर भेदभाव की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। एक बार फिर से अमेरिका के जानेमाने अम्यूजमेंट पार्क में रंग के आधार पर अश्वेत बच्चे के साथ भेदभाव का मामला सामने आया है। बुधवार को अमेरिका के एक अश्वेत परिवार ने 25 मिलियन डॉलर का केस दर्ज कराया है। परिवार ने सीसेम स्ट्रीट थीम अम्यूजमेंट पार्क के खिलाफ पेंसिलवेनिया की फेडरल कोर्ट में दर्ज कराया है। परिवार का आरोप है कि उनकी 6 साल की बच्ची के साथ रंग के आधार पर इस पार्क में भेदभाव किया गया।

रंग के आधार पर बच्चियों से भेदभाव!
इस घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमे देखा जा सकता है कि एक कार्टून कैरेक्टर की कॉस्ट्यूम में एक व्यक्ति बच्चों से हाथ मिला रहा है। लेकिन जब दो अश्वेत बच्चियां इस व्यक्ति से हाथ मिलाने के लिए आगे बढ़ती हैं तो वह व्यक्ति उनसे हाथ मिलाने से इनकार कर देता है। दोनों बच्चियों के चेहरे पर व्यक्ति की इस हरकत से निराशा और उदासी को साफ तौर पर देखा जा सकता है। परेड के दौरान हुई इस भेदभावपूर्ण घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसकी आलोचना कर रहे हैं।

विवाद के बाद मांगी माफी
हालांकि इस वीडियो के सामने आने के बाद अम्यूजमेंट पार्क ने इसके लिए माफी मांगी है और वादा किया है कि वह अपने कर्मचारियों को भविष्य में और ट्रेनिंग देगा। बता दें कि फिलाडेल्फिया स्थित सीसेम प्लेस थीम पार्क जिसे सीसेम स्ट्रीट के नाम से जाना जाता है, काफी लोकप्रिय है और यह पिछले 4 दशक से लोगों के मनोरंजन का केंद्र है। यह थीम पार्क 1980 में खुला था, जिसमे बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों और परिवार को लेकर मनोरंजन करने के लिए आते हैं।

पार्क की ओर से ये सफाई दी गई
एक बयान जारी करके सीसेन प्लेस की ओर से कहा गया है कि हमारे कर्मचारी, हर रूप में समावेशिता और समानता का समर्थन करते हैं और इसको बढ़ावा देते हैं। बयान में कहा गया है कि रोसिटा परफॉर्म करने वाले कर्मचारी ने जानबूझकर बच्चों को नजरअंदाज नहीं किया था, लोगों ने जिस तरह से इसको गलत समझा उससे वह काफी दुखी हैं। परफॉर्मर्स कभी-कभी लोगों को गले लगाने की अपील को मना करते हैं क्योंकि वो जो पोशाक पहनते हैं वह थोड़ी मुश्किलभरी होती है, उनके लिए बहुत नीचे झुकना संभव नहीं होता है।

पार्क में कभी कदम नहीं रखने की बात कही
रिपोर्ट के अनुसार 9 सेकेंड के वीडियो क्लिप को मीट एंड ग्रीट परेड के दौरान शूट किया गया था। इसके बाद इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया। इस वीडियो को जोडी ब्रॉउन ने पोस्ट किया है, जोकि लड़की की मां हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि जब लड़कियां पोशाक पहने व्यक्ति की ओर हाई-फाइव और हग के लिए आगे बढ़ती हैं तो वह हाथ से इनकार कर देता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए ब्राउन ने लिखा कि मैं कभी भी इस थीम पार्क में कदम नहीं रखूंगी।

परिवार स्तब्ध
परिवार के वकील का कहना है कि वह इस घटना से आश्चर्यचकित हैं और स्तब्ध हैं। आप उम्मीद करते हैं कि इस तरह की सम्मानित संस्था ऐसा काम नहीं करेगी। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोग काफी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। लोग इस अम्यूजमेंट पार्क को बायकॉट करने की मांग कर रहे हैं। जिसके बाद थीम पार्क की ओर से एक और बयान जारी किया गया कि हम वादा करते हैं कि आगे से इस तरह की कोई घटना नहीं होगी, हम खुद को बेहतर करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications