फिलीपींस भूकंप में अब तक 144 की मौत, देखें तस्वीरें
मनीला। भारत में तूफान फेलिन के कहर के ठीक बाद फिलीपींस में तगड़ा भूकंप आया, जिसमें करीब 3 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार अब तक 144 लोगों की मौत हो चुकी है। हजारों बेघर हो गये हैं। कहीं चट्टाने टूट कर मकानों पर गिरी हैं, तो कहीं सड़कों के दो फाड़ हो गये हैं। चर्च पूरी तरह ढह गया, तो कहीं स्कूल की इमारत पूरी तरह जमीनदोज हो गई।
मध्य फिलीपींस के बोहोल और केबू में यह भूकंप मंगलवार को आया था। इस भयानक भूंकप में मरने वालों की संख्या 144 तक पहुंच गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने देश की आपदा राहत एजेंसी के हवाले से बुधवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन परिषद (एनडीआरआरएमसी) के संचालन अधिकारी और प्रवक्ता रे बालिदो ने संवाददाताओं को बताया कि भूकंप से बोहोल में 91 लोगों की मौत हो गई, जबकि केबू में नौ और सिक्वीजोर में एक की मौत हो गई। बाकी मौतें आस-पास के इलाकों में हुई हैं।
बालिदो के अनुसार घायलों की संख्या 276 तक पहुंच चुकी है। बोहोल में 166 लोग घायल हुए हैं, जबकि केबू में 106, नीग्रोस में एक और सिक्वीजोर में तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि भूकंप से 2,841,956 लोगों के प्रभावित होने का अनुमान है, जिनमें से 12,665 लोग शिविरों में शरण लिए हुए हैं।

ज्वालामुखी का खतरा
फिलीपींस प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर क्षेत्र पर बसा है, जहां महाद्वीपीय पट्टियां टकराती हैं, जिसकी वजह से अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी के खतरे बने रहते हैं।

राष्ट्रीय आपदा
सरकार ने बोहोल को आपदाग्रस्त राज्य घोषित कर दिया गया है। यहां भूकंप के चलते सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

1990 में आया था भूकंप
इससे पहले बोहोल में 1990 में भारी भूकंप आया था। अपतटीय भूकंप की वजह से सुनामी सक्रिय हुआ था और मकान धवस्त हो गए थे।

टकराया था जहाज
अगस्त में यात्री जहाज और मालवाहक जहाज की टक्कर में 100 लोगों की मौत के बाद केबू को पहले ही आपदाग्रस्त घोषित किया जा चुका है।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। कई बड़े देशों ने फिलीपींस की मदद के लिये हाथ आगे बढ़ाये हैं।












Click it and Unblock the Notifications