फिर जुड़वां बच्चों के पिता बनेंगे फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अलग-अलग गर्लफ्रेंड्स से हो चुके हैं 4 बच्चे
मशहूर फुटबॉलर रोनाल्डो फिर से जुड़वा बच्चों के पिता बनने वाले हैं। उन्होंने अपनी गर्भवती गर्लफ्रेंड जॉर्जीना के साथ अल्ट्रासाउंड की रिपोर्ट शेयर की है।
पुर्तगाल, अक्टूबर 29: दुनिया के मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस बार जुड़वां बच्चों के पिता बनने वाले हैं। उनकी गर्लफ्रेंड जॉर्जीना रोड्रिग्ज जुड़वां बच्चों की मां बनने वाली हैं। 36 साल के मैनचेस्टर यूनाइटेड स्टार रोनाल्डो ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर अपने फैन्स के साथ इस खबर को साझा किया है। क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले से ही 4 बच्चों के पिता हैं और एक बार फिर से उनकी गर्लफ्रेंड जुड़वां बच्चों को जन्म देने वाली हैं।

जुड़वा बच्चों के बनेंगे पिता
36 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनकी 27 साल की गर्लफ्रेंड जॉर्जीना बेसर्बी के साथ अपने जुड़वां बच्चों का इंतजार कर रहे हैं और बच्चों का स्वागत करने को बेताब रोनाल्डो ने लिखा है कि, 'यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम जुड़वा बच्चों के पिता बनने वाले हैं। हमारा दिल प्यार से भरा हुआ है और हम आपसे (बच्चों से) मिलने का इंतजार नहीं कर पा रहे हैं।' रोनाल्डो ने पोस्ट में अपनी और अपनी गर्लफ्रेंड की तस्वीरों को साझा करने के साथ साथ अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट भी शेयर किया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने चार बच्चों की तस्वीर भी अपने फैन्स के साथ शेयर की है।

अर्जेंटीना की रहने वाली हैं गर्लफ्रेंड
क्रिस्टियानो रोनाल्डो की गर्लफ्रेंड जॉर्जीना अर्जेंटीना की रहने वाली हैं और उन्होंने भी अपनी तस्वीरों को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। जॉर्जीना ने बेटी अलाना और रोनाल्डो के सबसे बड़े बेटे रोनाल्डो जूनियर के साथ अपनी तस्वीरों को शेयर किया है। आपको बता दें कि, जॉर्जीना और रोनाल्डो पिछले कई सालों से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं और इससे पहले रोनाल्डो की अलग अलग गर्लफ्रेंड उनके चार बच्चों को जन्म दे चुकी हैं और सबसे रहस्यमयी बात ये है कि, रोनाल्डो के सबसे बड़े बेटे रोनाल्डो जूनियर की मां कौन हैं, इसकी जानकारी अभी तक दुनिया से छिपा कर रखी गई है।

अब तक नहीं की है शादी
आपको बता दें कि, मशहूर फुटबॉलर रोनाल्डो ने अभी तक किसी भी लड़की से शादी नहीं की है, लेकिन वो कई लड़कियों के साथ संबंध में रह चुके हैं और अलग अलग गर्लफ्रेंड से उनके चार बच्चे हैं। जॉर्जीना और रोनाल्डो पिछले कई सालों से एक दूसके के साथ हैं और उनकी एक 3 साल की बेटी भी है, जिसका नाम उन्होंने मार्टिना रखा है। रोनाल्डो के सबसे बड़े बेटे रोनाल्डो जूनियर का जन्म साल 2010 में सरोगेसी के जरिए हुआ था और अब तक उनकी मां को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। एक बार इंटरव्यू में रोनाल्डो ने कहा था कि, वक्त आने पर वो बेटे को बता देंगे कि, उनकी मां कौन हैं। 2017 में भी रोनाल्डो जुड़वां बच्चों के पिता बन चुके हैं और उन बच्चों के नाम इवा और मातेओ हैं।

2016 से रिश्ते में हैं दोनो
जॉर्जीना ने 12 नवंबर 2017 को अपनी बेटी अलाना को जन्म दिया था और अलाना का जन्म रोनाल्डो के जुड़वां बच्चों के जन्म के एक महीने बाद ही हुआ था। जुड़वां बच्चों का जन्म भी सरोगेट के जरिए ही हुआ था। जॉर्जीना और फुटबॉलर क्रिस्टियानो की पहली मुलाकात तब हुई जब जॉर्जीना मैड्रिड में एक मशहूर ब्रांड गुच्ची के शोरूम में मौजूद थीं और ट्रेन में सफर करने के दौरान भी दोनों की मुलाकात हुईआ थी और बाद में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि, ट्रेन में ही उन्हें रोनाल्डो से पहली नजर का प्यार हो गया था। उन्होंने कहा कि, रोनाल्डो का भी हाल उन्हीं के जैसा था और वो एक दूसरे से मिलने से खुद को नहीं रोक पाए थे।

रोनाल्डो पर बोलीं जॉर्जीना
जॉर्जीना ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि, 'रोनाल्डो के साथ पहली मुलाकात गुच्ची शोरूम में हुई थी जहां मैंने पहली बार उन्हें देखा था और कुछ दिनों बाद हमने एक दूसरे को फिर से दूसरे ब्रांड के इवेंट में देखा।'' रिपोर्ट के मुताबिक, उसके बाद दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया और फिर नवंबर 2017 में जॉर्जीना ने एक बेटी को जन्म दिया था। पिछले साल अटकलें लगाईं जा रहीं थीं कि जॉर्जीना अपने प्रेमी रोनाल्डो के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगी, जब उन्होंने अपना 26 वां जन्मदिन मनाते हुए एक धमाकेदार पोस्ट में रोनाल्डो को अपने 'पति' के तौर पर प्रस्तुत किया था।

मॉडल रह चुकी हैं जॉर्जीना
रोनाल्डो की गर्लफ्रेंड जॉर्जीना मशहूर फैशन ब्रांड गुच्ची की मशहूर मॉडल रह चुकी हैं, लेकिन जब उन्होंने रोनाल्डो को डेट करना शुरू किया था, उस वक्त रोनाल्डो पूर्व मिस स्पेन डेजियर कोर्डेरो के साथ रिलेशनशिप में थे, लेकिन जॉर्जीना से मुलाकात के बाद रोनाल्डो ने डेजियर से ब्रेकअप कर लिया था और दोनों पिछले 5 सालों से एक साथ हैं। रोनाल्डो और जॉर्जीना इस वक्त अपने जुड़वा बच्चों का भले ही इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बच्चों को लेकर उनका प्यार अभी भी कम नहीं हुआ है और इसके बाद भी रोनाल्डो और बच्चे चाहते हैं। 2017 में एक इंटरव्यू के दौरान रोनाल्डो ने कहा था कि, उनकी ख्वाहिश सात बच्चों के पिता बनने की है।

रोनाल्डो की गर्लफ्रेंड्स की लंबी लिस्ट
दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉलर में से एक रोनाल्डो की गर्लफ्रेंड्स की लिस्ट अच्छी खासी लंबी है और वो मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री किम कार्दशियां के साथ भी संबंध में रह चुके हैं। इसके साथ ही वो जार्डना जार्डना, मिराला ग्रिसलेस, पेरिस हिल्टन, डेविएल अगुएर, मार्चे रोमारियो, निकी गाजियन, एलिस गुडविन और जेमा एटकिंसन के साथ भी रिलेशनशिप में रह चुके है। रोनाल्डो जूनियर को लेकर कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, वो रोनाल्डो और पेरिस हिल्टन के बेटे हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है।

बच्चों का ध्यान रखती हैं जॉर्जीना
बेहद खूबसूरत जॉर्जीना ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि, उनका दिन बच्चों के साथ ही शुरू होता है और वो सभी बच्चों का ध्यान किसी सामान्य महिला की तरह ही रखती हैं। बच्चों के साथ नाश्ता करना, उनके साथ खेलना, पिकनिक मनाना, जिम जाना और फिर बच्चों के साथ टीवी देखना उन्हें काफी पसंद है और ये उनकी दिनचर्या में शामिल होता है।












Click it and Unblock the Notifications