Coronavirus: चीन की 'कारस्तानी' की दुनिया भुगत रही है सजा, बोले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से पैदा महामारी के लिए चीन को दोषी ठहराया है। ट्रंप ने गुरुवार को कहा है कि आज दुनिया चीन की कारस्तानी की सजा भुगत रही है। ट्रंप ने इसके साथ ही अब चीन को सीधे तौर पर वर्तमान समय में दुनिया के सामने पैदा हुई नई स्वास्थ्य चुनौती के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया है। आपको बात दें इस वायरस की वजह से दुनिया भर में अब तक 10,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 180 लोग अमेरिका में मारे गए हैं।

ट्रंप ने चीन को बताया जिम्मेदार
राष्ट्रपति ट्रंप गुरुवार को व्हाइट हाउस में मीडिया से मुखातिब थे और यहीं पर उन्होंने साफतौर पर चीन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। ट्रंप ने कहा, 'आज हालात बेहतर होते अगर हमें कुछ माह पहले ही इस बारे में पता लग गया होता। इस महामारी को चीन में उसी जगह पर रोका जा सकता था, जहां से यह शुरू हुई थी।' कोरोना वायरस अब दुनिया के 145 देशों में फैल गया है और 245,725 लोग इससे संक्रमित हैं। 10,046 लोगों की मौत हो गई है और 88,441 पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। चीन के बाहर 9,000 लोग इस वायरस की वजह से मारे गए हैं। दिसंबर 2019 में यह वायरस चीन के हुबेई प्रांत के वुहान से निकला था।

दुनिया चुका रही है कीमत
ट्रंप ने आगे कहा, 'उन्होंने (चीन) जो कुछ किया है, आज दुनिया को उसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है।' ट्रंप के मुताबिक कोरोना वायरस के बारे में जानकारी न लगने की वजह से आज विश्व संकट के दौर में हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह बात उस समय कही जब उनसे उनकी उस ट्वीट के बारे में पूछा गया था जो उनके नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एनएससी) की तरफ से चीनी सरकार के खिलाफ की गई थी। इस ट्वीट को काफी संवेदनशील करार दिया था।

जिनपिंग की पार्टी पर जानकारी दबाने का आरोप
एनएससी की तरफ से जो ट्वीट की गई थी उसमें लिखा था कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने कोरोना वायरस के बारे में आने वाली शुरुआती जानकारी को दबा दिया। साथ ही डॉक्टरों को सजा तक दी। इसकी वजह से चीन और दूसरे अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के हाथ से वह नाजुक मौका निकल गया जिसकी मदद से दुनिया को महामारी से बचाया जा सकता था। ट्रंप ने आगे कहा, 'हर कोई जानता था और हमें यह बात मालूम है। अब मैं यह मानना रहा हूं कि जो कुछ बाहर आ रहा है, वह सच हो। कोई नहीं जानता कि सच जानता है मगर मुझे उम्मीद है कि यह सच हो।'ट्रंप के मुताबिक अगर लोगों को मालूम होता तो इसे एक ही जगह पर रोका जा सकता था।

चीन पर एक्शन लेंगे ट्रंप!
ट्रंप ने कहा इस वायरस को बिल्कुल चीन में उसी जगह पर नियंत्रित किया जा सकता था, जहां से यह आया। अब पूरी दुनिया इससे संक्रमित हैं और यह बहुत ही भयानक वायरस है और बहुत बुरा भी। हालांकि ट्रंप ने इस बात पर कोई जवाब नहीं दिया कि वह चीन पर किसी तरह के कोई एक्शन की तैयारी कर रहे हैं। कई रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन के 29 साल के डॉक्टर ली वेनलियांग को सबसे पहले इस वायरस के बारे में पता लगा था। उन्होंने 31 दिसंबर को इस वायरस के बारे में सोशल मीडिया पर लिखा भी था। चीन की पुलिस की तरफ से उन्हें वॉर्निंग दी गई थी। बाद में डॉक्टर वेनलियांग की मौत भी कोविड-19 की वजह से हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications