Colombia Earthquake: कोलंबिया में भूकंप से मौत का आंकड़ा 111 पहुंचा, मलबे के ढेर में तब्दील हुए शहर
Colombia Earthquake: कोलंबिया में सोमवार को आए शक्तिशाली भूकंप से भारी तबाही की खबर है। 7.4 तीव्रता के इस भूकंप के झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, भूकंप में 111 लोगों की मौत की खबर है।
यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) ने भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई है, जबकि कोलंबियाई जियोलॉजिकल सर्विस ने इसे 6.7 मापा। भूकंप का केंद्र बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में सैन होजे डेल पालमार के पास बताया गया है। राजधानी बोगोटा समेत वेनेजुएला और इक्वाडोर में भी इसके झटके महसूस किए गए।

बोगोटा समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके
भूकंप के तेज झटकों के बाद कोलंबिया के कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। राजधानी बोगोटा में भी लोगों को घरों और इमारतों से बाहर निकलना पड़ा। पड़ोसी देशों वेनेजुएला और इक्वाडोर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। चोको प्रांत की राजधानी क्विबडो में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, कुछ इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है और प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ये भी पढे़ं: Colombia Earthquake: 7.4 तीव्रता के भूकंप से दहली कोलंबिया की धरती, बोगोटा में कई घायल, वेनेजुएला भी कांपा
भूकंप की तीव्रता को लेकर अलग-अलग आंकड़े
कोलंबिया में आए भूकंप की तीव्रता को लेकर अलग-अलग एजेंसियों के आंकड़ों में अंतर सामने आया है। EMSC ने शुरुआती तौर पर इसकी तीव्रता 7.4 बताई और कहा कि भूकंप 115 किलोमीटर की गहराई में आया। वहीं, कोलंबियाई जियोलॉजिकल सर्विस ने शुरुआती तीव्रता 6.7 दर्ज की। नेशनल यूनिट फॉर डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट ने भी इसकी तीव्रता 7.4 बताई, लेकिन गहराई करीब 79 किलोमीटर बताई। एजेंसियां लगातार आंकड़ों को अपडेट कर रही हैं।
भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है कोलंबिया
कोलंबिया दक्षिण अमेरिका के उन देशों में शामिल है, जहां भूकंप का खतरा काफी ज्यादा रहता है। इसकी बड़ी वजह देश का कई टेक्टोनिक प्लेटों की सीमाओं और सक्रिय फॉल्ट सिस्टम के करीब होना है। कोलंबियाई जियोलॉजिकल सर्विस के अनुसार, देश में अब तक 100 से ज्यादा विनाशकारी भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं। एंडियन क्षेत्र, ईस्टर्न कॉर्डिलेरा की पूर्वी तलहटी और प्रशांत तट के इलाके भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से खास तौर पर संवेदनशील माने जाते हैं।
ये भी पढे़ं: Venezuela Earthquake: मलबे में धड़क रही थी जिंदगी, 18 दिन के मासूम ने जीती मौत से जंग, भावुक कर देगा Video
1979 में आया था इससे भी विनाशकारी भूकंप
कोलंबिया में इससे पहले भी कई बड़े और विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं। सबसे खतरनाक घटनाओं में 1979 में दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया के टुमाको के पास आया भूकंप शामिल है। इसकी तीव्रता करीब 8 मापी गई थी और इससे बड़े पैमाने पर तबाही हुई थी। सोमवार को आया 7.4 तीव्रता का भूकंप भी हाल के दशकों में देश में आए शक्तिशाली भूकंपों में गिना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों तक मदद पहुंचाना और नुकसान का आकलन करना है।
जापान में भी आया था 7.1 तीव्रता का भूकंप
कोलंबिया से पहले जापान में भी शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो में 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप करीब 10 किलोमीटर की गहराई में आया था। इसके चलते कुमामोटो के पश्चिमी हिस्से में तेज झटके महसूस किए गए। यह इलाका टोक्यो से करीब 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित एजेंसियां लगातार आफ्टरशॉक्स और संभावित नुकसान पर नजर रख रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications
