Colombia Earthquake: 7.4 तीव्रता के भूकंप से दहली कोलंबिया की धरती, बोगोटा में कई घायल, वेनेजुएला भी कांपा
Colombia Bogota Earthquake: कोलंबिया में सोमवार (10 अगस्त) सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण यानी USGS के मुताबिक, भूकंप के झटकों का रिएक्टर 7.4 दर्ज किया गया है। इसका केंद्र देश के पश्चिमी हिस्से में चोको प्रांत के सैन जोस डेल पालमार के पास जमीन के अंदर करीब 107 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के झटके राजधानी बोगोटा समेत कोलंबिया के कई हिस्सों को हिलाकर रख दिया। पड़ोसी देश वेनेजुएला और इक्वाडोर में भी झटके महसूस होने की खबर है। रायटर्स के मुताबिक, भूकंप के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई इलाकों में लोग घरों तथा इमारतों से बाहर निकल आए। चोको प्रांत की राजधानी क्विब्डो में लोगों के घायल होने और इमारतों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय प्रशासन ने आफ्टरशॉक्स की आशंका जताते हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

Colombia Bogota Earthquake Reason: सुबह-सुबह धरती कांपी, बोगोटा तक महसूस हुए झटके
USGS के मुताबिक भूकंप 12:34 UTC, यानी स्थानीय समय के अनुसार, सुबह करीब 7:34 बजे आया। इसका केंद्र सैन जोस डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में बताया गया। भूकंप की गहराई करीब 107 किलोमीटर थी। भूकंप का केंद्र राजधानी बोगोटा से काफी दूर होने के बावजूद राजधानी में भी तेज झटके महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ जगहों पर लोगों को घबराकर इमारतों से बाहर निकलते देखा गया। कई लोगों ने भूकंप के दौरान घरों और कार्यालयों में फर्नीचर के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि भूकंप जब आया, तब लोग सो रहे थे। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में राजधानी बोगोटा में बड़े पैमाने पर नुकसान या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
चोको में ज्यादा असर, क्विब्डो में लोग घायल
रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र चोको प्रांत में होने के कारण इस क्षेत्र में इसका असर ज्यादा महसूस किया गया। चोको की गवर्नर नूबिया कैरोलिना कॉर्डोबा-क्यूरी ने बताया कि प्रांत की राजधानी क्विब्डो में लोग घायल हुए हैं और कई इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और आफ्टरशॉक्स को लेकर भी सतर्क है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बड़े भूकंप के बाद आने वाले आफ्टरशॉक्स कमजोर से लेकर काफी तेज हो सकते हैं। ऐसे में क्षतिग्रस्त इमारतों में वापस जाने से पहले उनकी सुरक्षा की जांच जरूरी मानी जाती है।
वेनेजुएला और इक्वाडोर तक महसूस हुए झटके
भूकंप का असर सिर्फ कोलंबिया तक सीमित नहीं रहा। इसके झटके पड़ोसी वेनेजुएला और इक्वाडोर में भी महसूस किए गए। रिपोर्टों के मुताबिक वेनेजुएला की सीमा की तरफ रहने वाले लोगों ने भी कंपन महसूस की। भूकंप की गहराई करीब 100 किलोमीटर से ज्यादा होने के कारण इसके झटके काफी बड़े इलाके में महसूस किए जा सकते हैं। यही वजह है कि केंद्र से दूर बोगोटा जैसे शहरों तक भी इसका असर पहुंचा।
सुनामी का खतरा है या नहीं?
भूकंप के बाद सुनामी को लेकर भी लोगों के बीच चिंता पैदा हुई, लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। भूकंप जमीन के भीतर काफी गहराई पर और समुद्र से दूर चोको क्षेत्र में आया था। इसलिए इसके बाद सुनामी का खतरा नहीं बताया गया। फिर भी स्थानीय प्रशासन की ओर से आफ्टरशॉक्स को लेकर लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।


Click it and Unblock the Notifications
