धरती पर गिरनेवाला है चीन का अंतरिक्ष स्टेशन, कहां पर गिरेगा मलबा
नई दिल्ली। चीन का अंतरिक्ष स्टेशन धरती पर गिरने वाला है और इस बारे में अभी मालूम नहीं है कि मलबा कहां गिरेगा। इस अंतरिक्ष स्टेशन पर चीन अपना कंट्रोल खो चुका है। ऐसा अनुमान है कि 2017 में इसका मलबा धरती से टकराएगा।
अंतरिक्ष स्टेशन तियांगोंग-1 को चीन ने अपनी बढ़ती ताकत का प्रतीक बताया था। इसे चीन ने स्पेस सुपरपावर बनने की तरफ कदम बढ़ाते हुए 2011 में लॉन्च किया था।

चीनी अधिकारियों ने दी जानकारी
चीनी अधिकारियों ने इस बारे में बताया है कि तकनीकी खराबी की वजह से 10.4 मीटर लंबे और लगभग 8500 किलो वजनी इस स्पेस स्टेशन मॉड्यूल पर चीन का अब कोई कंट्रोल नहीं है। यह 2017 में यह धरती पर गिरेगा।
चीनी न्यूज एजेंसी जिन्हुआ को स्पेस इंजीनियरिंग ऑफिस के डायरेक्टर वु पिंग ने बताया कि धरती के वातावरण में आते ही इसका अधिकांश भाग जल जाएगा।
अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का कहना है कि इस स्पेस स्टेशन का जो हिस्सा नहीं जल पाएगा वह मलबा समेत धरती पर कहीं गिरेगा और इससे नुकसान हो सकता है।
कहां गिरेगा स्पेस स्टेशन का मलबा
हार्वार्ड के अंतरिक्ष विज्ञानी जोनाथन मैकडोवेल का कहना है कि स्पेस स्टेशन के चीन के कंट्रोल से निकल जाने के बाद यह धरती के वातावरण में फिर लौटेगा। अभी यह कहना असंभव है कि स्पेस स्टेशन का मलबा कहां गिरेगा? हम इस स्पेस स्टेशन को कहीं मोड़ नहीं सकते। चूंकि हमें यह मालूम नहीं है कि यह कब गिरेगा इसलिए यह पता लगाना भी मुश्किल है कि यह कहां गिरेगा?
जोनाथन का कहना है कि धरती के वातावरण में जरा से बदलाव से इस स्पेस स्टेशन की लैंडिंग साइट बदल सकती है। जिस महादेश में गिरना हो, वहां न गिरकर यह कहीं और जाकर गिर सकता है।
जोनाथन का मानना है कि हालांकि स्पेस स्टेशन का अधिकांश हिस्सा धरती के वातावरण में नीचे आते समय जल जाएगा लेकिन रॉकेट इंजन जैसी चीजों का पूरी तरह जलना मुश्किल है। लगभग 100 किलो से ज्यादा का मलबा कहीं भी गिर सकता है जो किसी की जान लेने के लिए काफी है।
इसकी संभावना है कि स्पेस स्टेशन से धरती पर नुकसान हो सकता है। आसमान से मेटल के टुकड़े बारिश की तरह कहीं पर भी गिर सकते हैं; किसी की कार पर, किसी की छत पर या किसी हवाई जहाज से स्पेस स्टेशन का टुकड़ा टकरा सकता है।
चीन ने दावा किया कि नुकसान नहीं होगा
चीन ने स्पेस स्टेशन के गिरने से किसी भी तरह के नुकसान की बात से इनकार किया है। स्पेस अधिकारी वु पिंग का कहना है कि इससे धरती पर किसी तरह के नुकसान की संभावना नहीं है। चीन हमेशा से अंतरिक्षीय कचरे के मैनेजमेंट के प्रति गंभीर रहा है। चीनी अधिकारी इस स्पेस स्टेशन पर नजर बनाए हुए हैं। पिंग ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो चीन इसके गिरने की सूचना देगा।
अंतरिक्ष विज्ञानियों की भी है स्पेस स्टेशन पर नजर
अंतरिक्ष विज्ञानी भी चीन के स्पेस स्टेशन के गिरने की संभावना पर नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि अगर स्पेस स्टेशन का मलबा कहीं घनी आबादी पर गिरा तो वाकई बड़ा नुकसान होगा।












Click it and Unblock the Notifications