अंतरिक्ष में 'चाइनीज टेंशन': किसी भी वक्त चांद से टकरा सकता है 3 टन का रॉकेट, 10000 KM/घंटे है रफ्तार
नई दिल्ली, 4 मार्च: अंतरिक्ष रहस्यों से भरा हुआ है, जिसे सुलझाने के लिए इंसान लगातार वहां पर सैटेलाइट भेज रहे हैं। ये सैटेलाइट हमें अंतरिक्ष की जानकारी समेत कई सुविधाएं तो दे रहे हैं, लेकिन इसमें से कुछ मुसीबत भी बनते जा रहे। अब एक तीन टन का रॉकेट चंद्रमा से टकराने वाला है, इसकी रफ्तार 10 हजार किलोमीटर प्रति घंटे है।

चंद्रमा के पास पहुंचा
खगोलविदों के मुताबिक ये रॉकेट चंद्रमा के पास पहुंच गया है। इसकी किसी भी वक्त टक्कर हो सकती है। इसके बाद एक बड़ा गड्ढा बनने की उम्मीद है। वैज्ञानिकों ने पहले माना था कि रॉकेट का विशाल हिस्सा 2015 में एलन मस्क के स्पेसएक्स प्रोजेक्ट के तहत लॉन्च किया था, लेकिन अब वे मानते हैं कि ये वास्तव में चीनी रॉकेट है, लेकिन चीन की सरकार इससे इनकार कर रही है।

एक्सपर्ट ने कही ये बात
बिल ग्रे नाम के विशेषज्ञ पृथ्वी के पास की वस्तुओं को ट्रैक करते रहते हैं। उन्होंने इस मामले में कहा कि मेरे पास एक पूर्ण गणितीय मॉडल है कि पृथ्वी, चंद्रमा, सूर्य और ग्रह क्या कर रहे हैं और उनका गुरुत्वाकर्षण वस्तु को कैसे प्रभावित कर रहा है। मुझे इस बात का अंदाजा है कि सूर्य का प्रकाश वस्तु पर कितना जोर दे रहा है और धीरे से उसे सूर्य से दूर धकेल रहा है। ये आमतौर पर मुझे अच्छे आत्मविश्वास के साथ भविष्यवाणियां करने में सक्षम बनाता है।

सैकड़ों किलोमीटर दूर जाएगी धूल
उन्होंने उम्मीद जताई कि रॉकेट से चांद की टक्कर से 10 से 20 मीटर तक का गड्ढा हो सकता है। इससे उसकी सतह पर धूल उड़ेगी, जो सैकड़ों किलोमीटर तक फैल जाएगी, क्योंकि वहां का गुरुत्वाकर्षण पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण से अलग है। फिलहाल वो रॉकेट के रास्ते को ट्रैक कर रहे हैं। उनके मुताबिक ये टक्कर किसी भी वक्त हो सकती है।

टेस्ट कैप्सूल का हिस्सा है
ग्रे के मुताबिक अगर हम भाग्यशाली हुए तो रॉकेट का मलबा लूनर टोही ऑर्बिटर से उठाया जा सकता है। ये नासा का एक यान है, जो चंद्रमा पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि ये स्पेसएक्स का रॉकेट नहीं लग रहा। माना जा रहा है कि चीन ने 2014 में चांद पर एक टेस्ट कैप्सूल भेजा था। वो बाद में वापस आ गया था, लेकिन रॉकेट वहीं पर भटकता रहा। वहीं यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी का अनुमान है कि वर्तमान में 10 सेमी से बड़े अंतरिक्ष कबाड़ के 36,500 टुकड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications