रॉकेट लॉचर्स तैनात करने पर वियतनाम को चीनी मीडिया ने दी चेतावनी
नई दिल्ली। दक्षिण चीन सागर को लेकर छिड़े विवाद के बीच अब चीन के मीडिया ने वियतनाम को चेतावनी दे डाली है। वियतनाम की तरफ से दक्षिण चीन सागर में तैनात किए गए मोबाइल रॉकेट लॉन्चर को चीन के मीडिया ने एक 'खतरनाक गलती' करार दिया है। चीन के समाचार पत्र ग्लोबल टाइम्स ने लिखा कि अगर वियतनाम ने यह रॉकेट लॉन्चर्स चीन को टारगेट करते हुए तैनात किए हैं तो उसकी खतरनाक गलती है। हम आशा करते हैं कि वियतनाम इतिहास को ध्यान में रखते हुए कोई गलती नहीं करेगा और इतिहास से कुछ सीखेगा।

हनोई में रॉकेट लॉन्चर्स को तैनात किया गया
रॉयटर्स की खबर के मुताबिक दक्षिणी चीन सागर में बढ़ते तनाव के बीच वियतनाम ने भी अपने मोबाइल रॉकेट लॉन्चर्स को तैनात कर दिया है। इन रॉकेट की जद्द में चीन के नए रनवे और सैन्य ठिकाने हैं। यह सभी रनवे और सैन्य ठिकाने समुद्री क्षेत्र से होने वाले रूट पर ही पड़ते हैं। रॉयटर्स की खबर के अनुसार हनोई में इस रॉकेट लॉन्चर्स को तैनात किया गया है।
दक्षिण चीन सागर को लेकर लगातार चीन और अन्य देशों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इससे पहले चीन ने भी दक्षिण चीन सागर पर सैन्य अभ्यास किया था।

पश्चिम देशों के सूत्रों के मुताबिक लॉन्चर्स को ऐसे लगाया गया कि वो एरियल सर्विलांस की नजर में न आएं। वहीं वियतनाम के विदेश मंत्री ने इस तरह की खबरों से हाथ पीछे खींचते हुए कहा कि यह सूचना सही नहीं है।
सीमा को सुरक्षित रखने के लिए हर जरूरी उठाने के लिए हम स्वतंत्र
उप रक्षामंत्री नेगयूयेन ची विन्ह ने रॉयटर्स को सिंगापुर में बताया था कि हनोई में इस तरह के कोई लॉन्चर्स और हथियार नहीं है। साथ ही कोई भी रॉकेट तैनात नहीं किया गया है। लेकिन अगर ऐसी कोई भी परिस्थितियां बनती हैं तो आने वाले समय में ऐसा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा था कि अपने देश की सीमा को सुरक्षित रखने के लिए हर जरूरी उठाने के लिए हम स्वतंत्र हैं। दक्षिण चीन सागर पर चीन के अधिकार को इंटरनेशनल ट्रिब्यूनल के खारिज करने के बाद से ही इस क्षेत्र में लगातार विवाद पैदा होता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications