UN में भारत की 'स्थायी सीट' पर चीन ने फिर अलापा पुराना राग, दिया ये समाधान
नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनने के लिए भारत के प्रयासों को चीन लगातार रोकने की कोशिश करता आया है। इस मामले पर अब चीन ने नया रुख अपनाया है। बुधवार को फिर से चीन ने अपना पुराना राग अलापा और वैश्विक संस्था की शक्तिशाली परिषद को विस्तारित करने के लिए सर्व-स्वीकार्य 'पैकेज समाधान' तलाशने की अपील की। सुरक्षा परिषद) से जुड़े मुद्दों पर भारत और चीन के व्यापक चर्चा करने के एक दिन बाद एक सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबीन ने यह टिप्पणी की।

बता दें कि, चीन यूएनएससी का एक स्थायी सदस्य है, जबकि भारत ने गैर-स्थायी सदस्य के रूप में 1 जनवरी से अपने दो साल के कार्यकाल की शुरुआत की है। अगस्त में भारत को यूएनएससी के अध्यक्ष के रूप में काम करना है। बैठक के नतीजों के बारे में और यूएनएससी की स्थायीय सदस्यता के लिए भारत की उम्मीदवारी पर कोई चर्चा होने के बारे में पूछे जाने पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मंगलवार की डिजिटल बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने सुरक्षा परिषद से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने बहुपक्षवाद, शांति समर्थक अभियान और आतंकवाद की रोकथाम पर विचारों पर बात की। उन्होंने कहा कि, यूएनएससी की स्थायी सदस्यता के लिए जहां तक भारत की उम्मीदवारी की बात है, मैं इस मुद्दे पर चीन के रुख को दोहरा सकता हूं। चीन यूएनएससी में इस तरीके से विस्तार चाहता है कि परिषद के प्राधिकार एवं दक्षता में वृद्धि हो।
उन्होंने कहा कि, विकासशील देशों का प्रतिनिधित्व बढ़े और आवाज उठाने के लिए यह महत्वपूर्ण मंच मिले, ताकि छोटे और मध्यम आकार के देशों को भी परिषद के नीति निर्माण के फैसले में भागीदारी के लिए कहीं अधिक अवसर मिले। इसे व्यापक संभावित लोकतांत्रिक परामर्श के जरिए किया जाना चाहिए और एक 'पैकेज समाधान' तलाशना चाहिए, जो सभी पक्षों के हितों एवं चिंताओं पर गौर कर सके।












Click it and Unblock the Notifications