Lawrence Bishnoi गैंग के खिलाफ अमेरिका का Operation Hardball, FBI ने गोल्डी बराड़ पर रखा ₹48 लाख का इनाम
Goldy Brar FBI Bounty: ग्लोबल टेरर नेटवर्क और ऑर्गनाइज्ड क्राइम के खिलाफ अमेरिका ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई शुरू कर दी है। भारतीय जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और कनाडा-अमेरिका में बैठे उसके सिंडिकेट पर अमेरिकी जांच एजेंसियों ने चौतरफा शिकंजा कस दिया है।
इस अभियान को 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' (Operation Hardball) नाम दिया गया है। इसके तहत अमेरिकी जांच एजेंसी FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) ने बुधवार 8 जुलाई को लॉरेंस गैंग के मुख्य हैंडलर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) पर 50,000 अमेरिकी डॉलर करीब 48 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया है।

यह इनाम गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सटीक जानकारी देने वाले को दिया जाएगा।
FBI ने सोशल मीडिया पर क्या कहा?
FBI ने बुधवार, 8 जुलाई को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल 'X' पर गोल्डी बराड़ की तस्वीर जारी करते हुए लिखा-"FBI सतिंदरजीत सिंह गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी तक पहुंचाने वाली जानकारी देने पर 50,000 डॉलर तक का इनाम दे रही है। उस पर लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह से जुड़े होने का आरोप है। यह समूह कथित तौर पर दक्षिणी कैलिफोर्निया, पूरे अमेरिका और कनाडा में कई तरह की हिंसक घटनाओं में शामिल रहा है।"
लॉस एंजिलिस कोर्ट से वारंट जारी, अमेरिका में छुपा है गोल्डी
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के इनपुट्स बताते हैं कि गोल्डी बराड़ इस समय अमेरिका के ही किसी राज्य में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है और वहीं से पूरे उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के ऑपरेशन को लीड कर रहा है।
इसी को देखते हुए 1 जुलाई 2026 को लॉस एंजिलिस की एक फेडरल कोर्ट ने गोल्डी बराड़ के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। जांच एजेंसी ने बताया कि गोल्डी का क्राइम नेटवर्क सिर्फ भारत या कनाडा तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके तार अब अमेरिका और मेक्सिको के खतरनाक ड्रग कार्टेल से भी जुड़ चुके हैं।
'ऑपरेशन हार्ड बॉल' में 24 गुर्गे गिरफ्तार, क्या हैं आरोप?
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, भारत से जुड़े इस अंतरराष्ट्रीय क्राइम सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने के लिए अमेरिका, कनाडा और यूरोप में एक साथ छापेमारी की गई।
अमेरिकी अदालतों में तीन बड़ी चार्जशीट दाखिल की गई हैं, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ समेत 37 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से 24 गुर्गों को अमेरिका, कनाडा और यूरोप के अलग-अलग हिस्सों से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 10 अभी भी फरार हैं।
इन सभी पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी इंटरनेशनल ड्रग ट्रैफिकिंग, बड़े व्यापारियों से रंगदारी, हथियारों की सप्लाई और सुपारी देकर टारगेट किलिंग कराने के संगीन आरोप हैं। इस गैंग में पंजाब के नामी गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर सिंह धांधा का नाम भी शामिल है।
खालिस्तानी निज्जर की हत्या का लॉरेंस-गोल्डी ने ही दिया था आदेश: अमेरिका
FBI की इस मुनादी से कुछ घंटे पहले अमेरिकी अभियोजकों ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया। अमेरिकी प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर आरोप लगाया है कि 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में एक सिख गुरुद्वारे के बाहर जो खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या हुई थी, उसकी पूरी साजिश लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने ही रची थी।
चार्जशीट के मुताबिक, इन दोनों के आदेश पर ही दो शूटरों ने निज्जर पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। इस खुलासे के बाद भारत, कनाडा और अमेरिका के त्रिकोणीय कूटनीतिक रिश्तों में नया मोड़ आ गया है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद से ही भारतीय एजेंसियां गोल्डी के पीछे थीं, लेकिन अब दुनिया की सबसे ताकतवर जांच एजेंसी FBI के मैदान में उतरने और 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' शुरू होने से गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दिन अब गिनती के बचे नजर आ रहे हैं।














Click it and Unblock the Notifications