दुनिया में सबसे मजबूत है चीन की नेवी, अमेरिका की रिपोर्ट में खुलासा
वॉशिंगटन। अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन की तरफ से आई एक रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन की नेवी दुनिया में अब सबसे ज्यादा ताकतवर है। फोर्ब्स मैगजीन ने इस रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि चीनी नेवी के पास इस समय 350 शिप्स हैं जिसमें 130 शिप्स ऐसी हैं जो बड़े युद्ध में हिस्सा ले सकती हैं। अमेरिकी रक्षा विभाग की साल 2020 की एनुअल रिपोर्ट में यह बात कही गई है। इस रिपोर्ट को अमेरिकी कांग्रेस में पेश किया गया है। रिपोर्ट में अमेरिकी नेवी से तुलना करते हुए बताया गया है कि चीन की तुलना में यूएस नेवी के पास करीब 293 शिप्स हैं।

अमेरिका को घेरने की कोशिशें
फोर्ब्स की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी नेवी अब दिन पर दिन और बेहतर हो रही है। साल 2019 में चीन की नेवी ने मल्टी रोल प्लेटफॉर्म को शामिल किया जिसमें एंटी-शिप, एंटी-एयर और एंटी-सबमरीन जैसे हथियार शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक भारत के तीन पड़ोसी देशों समेत करीब एक दर्जन देशों में चीन मजबूत बेस तैयार कर रहा है। उसका मकसद समंदर के रास्ते पर भी अपना दबदबा कायम करने की है। रिपोर्ट के अनुसार चीनी नेवी, पाकिस्तान, श्रीलंका और म्यामांर के अलावा चीन थाईलैंड, सिंगापुर, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, केन्या, सेशल्स, तंजानिया, अंगोला और तजाकिस्तान में अपने बेस को मजबूत कर रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी नेवी के मिलिट्री स्टेशंस का नेटवर्क, अमेरिका के मिलिट्री ठिकानों में हस्तक्षेप कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक अपने मकसद को पूरा करने के लिए चीन ने पहले ही नामीबिया, वनुआटू और सोलोमन द्वीपों पर पहले से ही अपना कब्जा जमा लिया है। पेंटागन का मानना है कि चीन अब अपने विकास के लिए ग्लोबल ट्रांसपोर्ट और ट्रेड रिलेशंस को बढ़ा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications