चीन के स्कूल में आग लगने से भीषण हादसा, हॉस्टल में सो रहे तीसरी कक्षा के 13 बच्चों की दर्दनाक मौत
China School Fire: चीन में शनिवार को बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है, जब एक स्कूल में भीषण आग लगने की वजह से 13 बच्चों की जलकर मौत हो गई है। चीनी राज्य मीडिया ने बताया है, कि मध्य हेनान प्रांत में प्राथमिक छात्रों के लिए एक बोर्डिंग स्कूल के छात्रावास में आग लग गई और आग में जलने से 13 छात्रों की मौत हो गई।
स्कूल के एक शिक्षक ने हेबेई प्रांत के एक राज्य समर्थित मीडिया आउटलेट ज़ोंग्लान न्यूज़ को बताया, कि सभी मृत तीसरी कक्षा के छात्र थे। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी ने कहा है, कि घटनास्थल से बचाए गए एक छात्र का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

सीसीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, आग शुक्रवार रात को लगी और मध्य हेनान के ग्रामीण फांगचेंग जिले के यिंगकाई स्कूल में आधी रात से ठीक पहले आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, स्कूल के मालिक को हिरासत में ले लिया गया। स्थानीय अधिकारियों ने कहा, कि वे आग लगने के कारण की जांच कर रहे हैं।
स्कूल के वीचैट पेज के अनुसार, बोर्डिंग स्कूल मुख्य रूप से प्राथमिक ग्रेड के छात्रों को शिक्षा प्रदान करता है, हालांकि स्कूल के साथ एक किंडरगार्टन भी चलता है। बीजिंग यूथ डेली की रिपोर्ट के अनुसार, बोर्डिंग के कई छात्र ग्रामीण इलाकों से आते हैं।
यह सुविधा दुशू टाउनशिप में है और स्कूल की दो शाखाओं में से एक है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जब स्कूल के छात्रावास में आग लगी थी, उस वक्त करीब 30 बच्चे में सो रहे थे। वहीं, एक छात्र ने स्थानीय मीडिया को बताया, कि एक आग लगने के बाद एक टीचर बच्चों को बचाने में लगा था और बच्चों को छात्रावास से बाहर निकाल रहा था।












Click it and Unblock the Notifications