भारत आए तिब्बती लोगों को चीन ने वापस लौटने को कहा
बीजिंग। भारत में धार्मिक यात्रा पर आए चीनी निंयत्रण वाले तिब्बत में रह रहे तिब्बतियों को चीन ने वापस देश लौटने का फरमान जारी कर दिया है। चीन इस बात को लेकर नाराज है कि यह तिब्बती अपनी धार्मिक यात्रा के तहत धार्मिक स्थलों पर जाने के बजाए बोध गया में दलाई लामा के प्रवचनों को सुन रहे हैं। चीन के ताजा फरमान से बड़ी तादाद में भारत आये तिब्बतियों को अपनी यात्रा बीच में ही छोडकर तिब्बत वापिस लौटना पड़ेगा।

दरअसल, चीन की यह नाराजगी इस बात को लेकर है कि चीन के कब्जे वाले तिब्बत से खासी संख्या में तिब्बती बिहार के बोधगया में तिब्बती धर्मगुरू दलाईलामा द्वारा दी जा रही शिक्षाओं का अनुसरण कर रहे हैं। यह बात चीन को रास नहीं आ रही है, इसके चलते ही उसने अब ऐसे सभी तिब्बतियों को वापस लौटने का फरमान जारी कर दिया है।
इससे पहले चीन ने यह डेडलाइन 12 जनवरी तय की थी, बावजूद इसके तिब्बती वापस नहीं लौटे, पर अब ताजा फरमान के चलते तिब्बत से आए लोगों में वापस लौटने की हड़बड़ी मची हुई है। बताया जा रहा है कि तिब्बत के खाम क्षेत्र से बहुत ज्यादा संख्या में तिब्बती इन दिनों भारत व नेपाल की तीर्थयात्रा पर हैं। अब इन्हें जल्द वापस लौटना होगा अन्यथा चीन सरकार के परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
उधर तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा ने इंटरनेट के माध्यम से शाम की कक्षाएं लेने के लिए अपनी सहमति दी है। यह कक्षाएं यूनाइटेड किंगडम के एक संगठन के आग्रह पर होंगी। जानकारी के अनुसार, दलाई लामा प्रसन्नचित्त कौशल को बढ़ावा देने के लिए ही ऐसा करने पर सहमत हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम यूनाइटेड किंगडम के सभी शहरों में स्थानीय एक्शन फॉर हपनेस शाम के नाम से चलाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications