नेपाल ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को दिया आमंत्रण, चुनावों का करेंगे मुआयना
राजीव कुमार एक प्रतिनिध के साथ नेपाल जाएंगें और वहां पर स्टेट गेस्ट के रूप में चुनावों की निगरानी करेंगे। नेपाल में केंद्रीय और स्थानीय चुनाव होने हैं।
नेपाल में 20 नवंबर को प्रतिनिधि सभा और प्रांतीय विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में नेपाल ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को आगामी चुनावों में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक की भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया है। राजीव कुमार एक प्रतिनिधि के संग पड़ोसी देश नेपाल जाएंगें और वहां पर स्टेट गेस्ट के रूप में चुनावों की निगरानी करेंगे। यहां पर चुनाव में 275 पार्लियामेंट मेंबर और 550 स्थानीय विधानसभाओं के लिए उम्मीदवारों का चुनाव होना है।

Image- PTI
काठमांडू तथा आसपास के इलाकों में वोटिंग बूथों का करेंगे दौरा
भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि कुमार 18 से 22 नवंबर तक नेपाल में राजकीय अतिथि के रूप में निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार नेपाल में पोलिंग बूथों का दौरा करेंगे। वह मुख्यतः राजधानी काठमांडू और अन्य आस-पास के क्षेत्रों का मुआयना करेंगे। आयोग ने कहा कि चुनाव आयोग का भी एक अंतरराष्ट्रीय चुनाव परिदर्शक कार्यक्रम है, जहां अन्य चुनाव प्रबंधन निकायों के सदस्यों को समय-समय पर होने वाले आम और विधानसभा चुनावों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
109 देशों में चुनाव आयोग दे चुका है प्रशिक्षण
आयोग ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग अन्य चुनाव प्रबंधन निकायों और संबंधित अंतरराष्ट्रीय संगठनों व संघों के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय विचार-विमर्श के माध्यम से दुनिया भर में लोकतांत्रिक उद्देश्यों को बढ़ावा देने में हमेशा सबसे आगे रहा है। साथ ही लोकतांत्रिक संस्थानों और प्रक्रियाओं को मजबूत करने की दृष्टि से हमेशा संपर्कों को बढ़ावा देने, ज्ञान के आदान-प्रदान करने और सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने आदि को सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया है। भारतीय चुनाव आयोग के भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान (IIIDEM) ने क्षमता निर्माण पहल के हिस्से के रूप में अब तक 109 देशों के 2,200 से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षित किया है, जिनमें नेपाल के 70 अधिकारी भी शामिल हैं। IIIDEM में 13 से 24 मार्च, 2023 तक नेपाल चुनाव आयोग के 25 अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications