रूस में एक बार फिर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे कोरोना संक्रमण और मौतों के मामले, प्रतिदिन हो रही 1000 लोगों की मौत
रूस में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण और उससे होने वाली मौतों में रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई। कोरोना के मामलों में अचानक हुई रिकॉर्ड वृद्धि से देश की स्वास्थ्य देखभाल सुविधा चरमरा गई है।
मास्को, 16 अक्टूबर। रूस में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण और उससे होने वाली मौतों में रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई। कोरोना के मामलों में अचानक हुई रिकॉर्ड वृद्धि से देश की स्वास्थ्य देखभाल सुविधा चरमरा गई है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 32,196 नए मामले और इससे होने वाली मौतों के 999 मामले सामने आए। बता दें कि रूस में पिछले कुछ दिनों से मौत के दैनिक मामले नया रिकॉर्ड बना रहे हैं, हर दिन लगभग 1000 रोगियों की मौत हो रही है। कोरोना वायरस टीकाकरण की सुस्त रफ्तार इसका बड़ा कारण माना जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश की 14 करोड़ 60 लाख की आबादी में से मात्र 4 करोड़ 30 लाख लोगों (29 प्रतिशत) को कोरोना की दोनों डोज दी गई हैं।

Recommended Video
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच यदि लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी तो यह रूस की अर्थव्यवस्था को पंगु बना सकती है। हालांकि कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद सरकार ने एक नए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को भी खारिज कर दिया है। इसके बजाय सरकार ने क्षेत्रीय अधिकारियों को कोरोना वायरस प्रतिबंधों को लागू करने का अधिकार सौंपा है। रूस के लगभग 85 क्षेत्रों में किसी भी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा सिनेमाघरों ,रेस्त्रां और अन्य जगहों को भी सीमित संख्या के साथ खोलने की अनुमति दी गई है।
हालांकि मास्को, सेंट पिट्सबर्ग और कुछ अन्य शहरों में व्यापार की गतिविधियां कोरोना वायरस के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुचारू रूप से चल रही हैं। रूस के कोरोना वायरस कार्यबल के अनुसार देश में अब तक संक्रमण के 79 लाख मामले सामने आ चुके हैं। वहीं इस महामारी से अब तक 2,21,313 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के मामले में रूस अमेरिका, ब्राजील, भारत और मेक्सिको के बाद पांचवे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें: महिला ने मेडिकल टीम के सामने लाकर रखा कोबरा, बोली-'कोरोना का टीका लगाया तो सांप से डसवा दूंगी'












Click it and Unblock the Notifications