कनाडा ने इजराइल को हथियार बेचने पर लगाया प्रतिबंध.. जस्टिन ट्रूडो को सबक सिखाएंगे बेंजामिन नेतन्याहू?
Canada-Israel News: भारत से संबंध खराब करने के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने अब इजराइल से भी संबंध खराब कर लिया है और इजराइल को हथियारों की सप्लाई पर रोक लगा दी है।
कनाडाई संसद हाउस ऑफ कॉमन्स ने मंगलवार को इजराइल को हथियारों की बिक्री रोकने के लिए एक गैर-बाध्यकारी प्रस्ताव पारित किया है, जिसके बाद कनाडाई विदेश मंत्री मेलानी जोली ने घोषणा की है, कि कनाडा इजराइल को सभी हथियारों की खेप को रोक रहा है। जोली ने कनाडाई अखबार द टोरंटो स्टार अखबार को कहा है, कि कनाडा अब इजराइल को हथियारो की सप्लाई नहीं करेगा।

इजराइल को हथियार नहीं देगा कनाडा
गाजा में इजरायल लगातार हमले कर रहा है और अब कनाडा, नीदरलैंड, जापान, स्पेन और बेल्जियम के उ, क्लब में शामिल हो गया है, जिन्होंने इजराइल को हथियारों की आपूर्ति रोक दी है। कनाडा के अलावा, कई और देशों ने कहा है, कि वे अब इजरायली हथियार नहीं खरीदेंगे।
हालांकि, अभी भी दर्जनों ऐसे पश्चिमी देश हैं, जिन्होंने इजराइल को हथियारों की सप्लाई जारी रखने का फैसला किया है।
इजराइल के सबसे करीबी सहयोगी संयुक्त राज्य अमेरिका ने 2000 पाउंड के बंकर बस्टर बम सहित बड़ी मात्रा में रक्षा उपकरणों की आपूर्ति की है। और अभी 14 अरब डॉलर के सैन्य सहायता पैकेज को अमेरिकी कांग्रेस से अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
पिछले साल अक्टूबर में युद्ध शुरू होने से पहले भी, अमेरिका ने सैन्य उपकरणों की आपूर्ति में इज़राइल का मजबूती से समर्थन किया था, और सैन्य सहायता में सालाना 3 अरब डॉलर का योगदान दिया था। कई अन्य देश हथियारों की बिक्री के माध्यम से इजराइल को सैन्य सहायता प्रदान करते हैं।
गाजा पच्टी में इजराइली हमलों से आम लोगों का मरना जारी है और हमास नियंत्रित गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने अभी तक 31 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने का दावा किया है। इसके अलावा, इजराइली नाकेबंदी से गाजा पट्टी में भूखमरी भी शुरू हो गई है और दर्जनों लोग कई हफ्तों कर खाना नहीं मिलने की वजह से मारे गये हैं।
12 फरवरी को यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख जोसेप बोरेल ने भी इजराइल को हथियारो की आपूर्ति को लेकर अमेरिका पर निशाना साधा था और कहा था, कि अगर बाइडेन प्रशासन मानता है, कि बहुत सारे लोग मारे जा रहे हैं, तो फिर उन्हें इजराइल को हथियारों की आपूर्ति कम करनी चाहिए।
आइये जानते हैं, कि किन किन देशों ने इजराइल को हथियारों की आपूर्ति रोक दी है और कौन कौन से देश अभी भी इजराइल को सैन्य सहायता दे रहे हैं।

इजराइल को कौन से देश कर रहे हैं हथियारों की सप्लाई?
- स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट यानि, SIPRI की रिपोर्ट के मुताबित, साल 2013 से 2022 के बीच इजराइल को सबसे ज्यादा 68 प्रतिशत हथियार अमेरिका ने दिए हैं। इसके अलावा, अमेरिकी सेना भी इजराइल में हथियारों का भंडार रखती है, और हमास के साथ जारी युद्ध में अमेरिका ने इनमें से कुछ हथियारो के इस्तेमाल की इजाजत इजराइल को दे दी है।
- अमेरिका के बाद इजराइल करीब 28 प्रतिशत हथियार जर्मनी से खरीदता है और जर्मनी के वित्त मंत्रालय के मुताबिक, 2022 की तुलना में 2023 में इजराइल ने करीब 10 गुना ज्यादा हथियार जर्मनी से खरीदे हैं। जर्मनी मुख्य तौर पर इजराइल को एयर डिफेंस सिस्टम और कम्युनिकेशन सामानों की आपूर्ति करता है।
-ह्यूमन राइट्स वॉच ने दिसंबर 2023 में रिपोर्ट दी थी, कि यूनाइटेड किंगडम ने 2015 से इजराइल को कम से कम 474 मिलियन पाउंड ($594m) के सैन्य निर्यात का लाइसेंस दिया है। इन निर्यातों में F-35 फाइटर विमान के उपकरण समेत मिसाइल, टैंक, और गोला-बारूद शामिल हैं। गाजा में स्टील्थ बॉम्बर का जो इस्तेमाल इजराइल कर रहा है, वो उसे यूके से ही मिले हैं।
- हालांकि, कनाडा सरकार ने कहा है, कि वह इजराइल को पूर्ण हथियार प्रणालियां नहीं भेजती है, लेकिन नागरिक समाज समूहों का दावा है, कि वह प्रदान की जाने वाली सैन्य सहायता की मात्रा को कम कर रही है। दावा किया गया है, कि साल 2015 के बाद से कनाडा ने 114 मिलियन डॉलर के हथियारों की सप्लाई इजराइल को की है।
- ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों के मंत्री ने कहा है, कि युद्ध शुरू होने के बाद से ऑस्ट्रेलिया ने इजराइल को हथियार उपलब्ध नहीं कराए हैं। लेकिन, ऑस्ट्रेलियन ग्रीन्स पार्टी के रक्षा प्रवक्ता, डेविड शूब्रिज ने सरकार से इजराइल को निर्यात की जाने वाली वस्तुओं के बारे में ज्यादा पारदर्शी होने के लिए कहा है। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने ऑस्ट्रेलिया से इजराइल को हथियारों की बिक्री रोकने का आह्वान किया है और दावा किया है, कि ऑस्ट्रेलिया ने पिछले 6 सालों में इज़राइल को 322 रक्षा निर्यात को मंजूरी दी है।
- फ्रांस में 7 फरवरी को फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शन में डसॉल्ट एविएशन समेत फ्रांसीसी कंपनियों से इजराइल को हथियार बेचना बंद करने का आह्वान किया गया। अनादोलु समाचार एजेंसी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने कहा, "तेल अवीव प्रशासन को हथियार बेचने वाली सभी फ्रांसीसी कंपनियां गाजा में इजरायल के नरसंहार में शामिल हैं"।
किन देशों ने इजराइल को हथियार बेचना किया बंद?
- नीदरलैंड की एक अदालत ने सोमवार को सरकार को आदेश दिया है, कि वो F-35 विमानों के उपकरणों की आयात एक हफ्ते के अंदर रोके। यह फैसला डच मानवतावादी संगठनों ऑक्सफैम नोविब, पैक्स नीदरलैंड्स पीस मूवमेंट फाउंडेशन और द राइट्स फोरम की तरफ से सरकार के खिलाफ दायर मुकदमे के बाद आया है।
-बेल्जियम की एक क्षेत्रीय सरकार ने कहा कि उसने 6 फरवरी को इजराइल को बारूद के निर्यात के लिए दो लाइसेंस निलंबित कर दिए। क्षेत्रीय सरकार ने ICJ के अंतरिम फैसले का हवाला दिया है, जिसमें पाया गया कि इजराइल गाजा में नरसंहार कर सकता है।
-जापानी कंपनी इटोचू कॉर्पोरेशन ने 5 फरवरी को घोषणा की है, कि वह फरवरी के अंत तक इजरायली हथियार निर्माता एल्बिट सिस्टम्स के साथ अपनी साझेदारी समाप्त कर देगी। इटोचू के मुख्य वित्तीय अधिकारी त्सुयोशी हचिमुरा ने कहा, कि एल्बिट सिस्टम्स के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का निलंबन जापान के रक्षा मंत्रालय के अनुरोध पर किया गया है।
- इटली की विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने 20 जनवरी को कहा है, कि इटली ने 7 अक्टूबर को युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइल को हथियार प्रणालियों या सैन्य सामग्री के सभी शिपमेंट को निलंबित कर दिया है।
- वहीं, स्पेन के विदेश मंत्री ने जनवरी में कहा था, कि देश ने युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइल को कोई हथियार नहीं बेचा है और अब हथियारों की बिक्री पर प्रतिबंध है। हालांकि, सोमवार को, स्पैनिश अखबार एल डायरियो ने एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें दिखाया गया है, कि स्पेन ने नवंबर में इजराइल को लगभग 1.1 मिलियन डॉलर का गोला-बारूद निर्यात किया था।












Click it and Unblock the Notifications