कनाडा सरकार ने H-1B वीजा धारकों को दी बड़ी खुशखबरी, 75 प्रतिशत भारतीय प्रोफेशनल्स को मिला ऑफर
Canada US H-1B visa: अमेरिका में रहने वाले H-1B वीजा धारक भारतीयों के लिए कनाडा से बड़ी खुशखबरी आई है। खासकर ऐसे भारतियों के लिए, जो अमेरिका में रह तो रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनकी नौकरी चली गई है। पिछले कुछ महीनों से अमेरिकी कंपनियों में भारी छंटनी हुई है, जिसमें सैकड़ों लोग बेरोजगार हो गये हैं, लिहाजा उन्हें कनाडा से बड़ा ऑफर मिला है।
संयुक्त राज्य अमेरिका में H1-B वीजा धारकों में लगभग 75% भारतीय हैं, और कनाडा सरकार ने ऐसे भारतीय प्रोफेशनल्स को लुभाने के लिए एक नई योजना शुरू की है, जिसके तहत अब वो भारतीय, अमेरिका के साथ साथ कनाडा में भी रह सकते हैं।

कनाडा सरकार की नई योजना क्या है?
कनाडा सरकार ने अत्यधिक कुशल श्रमिकों को आकर्षित करने के लिए, अमेरिका से एच1-बी वीजा धारकों के लिए ओपन वर्क परमिट देना शुरू कर दिया है।
यह परमिट अमेरिका से एच1-बी वीजा धारकों को कनाडा में तीन साल तक आने और काम करने की अनुमति देगा। यह स्वीकृत आवेदकों के परिवार के सदस्यों को भी देश में अध्ययन करने या काम के विकल्प तलाशने की भी अनुमति देता है।
कनाडा सरकार का ये कार्यक्रम अगले एक सालों तक चलेगा, जिसके तहत 10 हजार एच1-बी वीजा धारकों को वर्क परमिट दिया जाएगा।
कनाडा सरकार ने जो प्रेस रिलीज जारी किया है, उसमें कहा गया है, कि "हाई-टेक क्षेत्रों में हजारों कर्मचारी उन कंपनियों में कार्यरत हैं, जिनका कनाडा और अमेरिका दोनों में ऑपरेशन चलता है, और अमेरिका में काम करने वाले लोग अक्सर एच-1बी स्पेशल व्यवसाय वीजा रखते हैं।"
प्रेस रिलीज में आगे कहा गया है, कि "अमेरिका में विशेष व्यवसाय वीजा धारक और उनके साथ आने वाले तत्काल परिवार के सदस्य कनाडा आने के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे।"
इसमें कहा गया है, कि "वे कनाडा में कहीं भी, किसी भी नियोक्ता के लिए काम करने में सक्षम होंगे। उनके पति या पत्नी और आश्रित भी आवश्यकतानुसार कार्य या अध्ययन परमिट के साथ अस्थायी निवासी वीजा के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे।"
आपको बता दें, कि एच-1बी वीजा विदेशी नागरिकों को टेक्नोलॉजी क्षेत्र सहित कुछ विशेष व्यवसायों में अस्थायी रूप से अमेरिका में काम करने की अनुमति देता है। आईटी कंपनियां भारत और चीन जैसे देशों से हर साल हजारों कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए एच1-बी वीजा पर निर्भर हैं।
कनाडा विभिन्न प्रकार की उभरती प्रौद्योगिकियों में विश्व नेता बनने की उम्मीद कर रहा है और कनाडा का लक्ष्य उन आईटी प्रोफेशनल्स को अपने देश में बुलाना है, जिनकी नौकरी हालिया समय में छूट गई है। वहीं, जिन लोगों की नौकरी चली गई है, वो भी अपने लिए नौकरी की तलाश कर रहे हैं, लिहाजा उनके लिए कनाडा एक बेहतरीन अवसर की तरह हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications