Rishi Sunak: सरकार पर संकट के बादल के बीच ऋषि सुनक का भजन वाला वीडियो वायरल, गा रहे रघुरति राघव राजा राम...
Rishi Sunak Sing Bhajan: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की सरकार जब संकट में घिर गई है और जब उनकी ही कंजर्वेटिव पार्टी के कई सांसदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और संसद में उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी पेश किया गया है, उस वक्त वो भगवान की शरण में पहुंच गये हैं। ऋषि सुनक अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति और दोनों बेटियां कृष्णा और अनुष्का के साथ भजन गाते देखे गये हैं।
ऋषि सुनक और उनके परिवार का भजन गाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसे ब्रिटिश भारतीयों के साथ-साथ अपने देश में भारतीयों से भी प्रशंसा मिल रही है। ऋषि सुनक ने पिछले हफ्ते अपने गृह नगर साउथेम्प्टन में दिवाली समारोह में हिस्सा लिया था। यूके के प्रथम परिवार ने आरती समारोह के लिए साउथेम्प्टन में रेडक्लिफ रोड पर वैदिक सोसाइटी हिंदू मंदिर का दौरा किया था और ये वीडियो वहीं का है।

ऋषि सुनक ने गाया भजन
आपको बता दें, कि ऋषि सुनक का जन्म और उनका पालन-पोषण साउथेम्प्टन में ही हुआ है। उनके पिता शहर में जनरल फिजिशयन और उनकी मां एक फार्मेसी चलाती थीं। सुनक ने कई मौकों पर उस हिंदू मंदिर की यादें ताजा की हैं, जहां वह बचपन में जाते थे।
ऋषि सुनक ने दिवाली समारोह में भाग लेने के बाद कहा, कि "मेरे पास एक बच्चे के रूप में बिताए गए समय की बहुत सारी सुखद यादें हैं। यह वह जगह है, जहां मेरे माता-पिता ने मूल्यों के साथ मुझे बड़ा किया, वो वैल्यूज यहां मजबूत हुए और यहां मैंने परिवार, विश्वास और सेवा, शिक्षा और कड़ी मेहनत के महत् को जाना। चारों ओर देखने पर, मुझे यहां प्रेरणा मिलती है, कि एक पूरी नई पीढ़ी उन्हीं मूल्यों के साथ पली-बढ़ी है।"

बीबीसी की एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि डोरसेट और आइल ऑफ वाइट सहित अन्य क्षेत्रों के हिंदू भी समारोह में शामिल हुए। बीबीसी की रिपोर्ट में समुदाय की सदस्य सारिका चंदराना का भी हवाला दिया गया, जिन्होंने कहा, कि ऋषि सुनक इस क्षेत्र में हिंदू समुदाय के सदस्यों के लिए परिवार की तरह हैं।
बीबीसी ने चंदराना के हवाले से कहा, कि "वह हिंदू संस्कृति और सभी विभिन्न देवताओं और प्रार्थनाओं के बारे में जानने के लिए हमारे रविवार की क्लास का हिस्सा हुआ करते थे। हमारे लिए, वह हमारे परिवार की तरह है और हम उनके साथ भजन संध्या में शरीक होकर काफी उत्साहित हैं।"












Click it and Unblock the Notifications