Republic Bharat न्यूज चैनल के खिलाफ ब्रिटेन में जुर्माना, हेट स्पीच का पाया गया दोषी
लंदन। Fine on Republic Bharat: अर्णब गोस्वामी के स्वामित्व वाले रिपब्लिक हिंदी न्यूज चैनल के खिलाफ ब्रिटेन की नियामक संस्था ने 20 हजार पाउंड का जुर्माना लगाया है। ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग नियामक ने इस चैनल में होने वाली डिबेट को ब्रिटेन के हेट स्पीच के नियमों का उल्लंघन पाया है।
Recommended Video

ब्रिटेन के ऑफिस ऑफ कम्युनिकेशन ने वर्ल्डव्यू मीडिया नेटवर्क लिमिटेड के खिलाफ जारी आदेश में कहा है कि ऑफकॉम के अधिकारियों ने 6 सितम्बर 2019 को प्रसारित किए गए प्रोग्राम 'पूछता है भारत' में अपरंपरागत हेट स्पीच के साथ ही बहुत ही आक्रामक भाषा का इस्तेमाल किया गया था जो कि ब्रिटेन के ब्रॉडकास्टिंग नियमों का उल्लंघन है।
क्या कहता है नियम ?
ब्रिटेन के ब्रॉडकॉस्टिंग नियमों के मुताबिक ऐसी कोई भी प्रसारित सामग्री जो भड़काऊ हो सकती है उसके बार में संदर्भ देकर प्रमाणित करना जरूरी है। इसके तहत किसी भी तरह की आक्रामक भाषा या किसी भी धर्म या आस्था के खिलाफ भेदभावपूर्ण भाषा का इस्तेमाल करना शामिल है। नियम के मुताबिक हेट स्पीच के अंतर्गत आने वाली सामग्री को प्रसारण में तब तक शामिल नहीं किया जा सकता है जब तक कि संदर्भ को प्रमाणित करने के लिए इसकी जरूरत न पड़े।
साथ ही ऐसी कोई भी सामग्री जो किसी व्यक्ति, समूह, धर्म या समुदाय के खिलाफ अभद्र या अपमानजनक मानी जाती है उसे प्रसारित नहीं किया जाना चाहिए जब तक कि यह संदर्भ के लिए जरूरी न हो।
पाकिस्तानियों के लिए अपमानजनक
ऑफकॉम के आदेश में कहा गया है कि 6 सितम्बर को प्रसारित प्रोग्राम को पाकिस्तानी लोगों के खिलाफ उनकी नागरिकता के आधार पर हेट स्पीच, अभद्र और अपमानजनक पाया गया है।
आदेश के मुताबिक प्रोग्राम में इस्तेमाल की गई भाषा हर किसी भी व्यक्ति के लिए तकलीफदेह और अत्यधिक आक्रामक होगी जिनके विचार के प्रस्तुतकर्ता (एंकर) और शो में आए मेहमानों से मेल नहीं खाते होंगे। पूछता है भारत में हानिकार और अपमानजनक सामग्री को राजनीतिक संदर्भों से जोड़कर प्रसारित किया गया था जो कि नियमों का उल्लंघन है।
नियामक संस्था ने पाया कि इस प्रोग्राम में बिना किसी संदर्भ के पाकिस्तानी लोगों के खिलाफ अभद्र भाषा विशेष रूप से हानिकारक होगी क्योंकि यह भारत और पाकिस्तानी लोगों के बीच पहले से ही चल रहे तनावपूर्ण संबंधों को और नुकसान पहुंचा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications