70 वर्षों में बदल गए ब्रिटेन के 14 प्रधानमंत्री मगर अभी भी चल रहा क्वीन एलिजाबेथ का शासन
ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय ने दुनिया की दूसरी सबसे लंबे समय तक राजगद्दी संभालने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह मुकाम 12 जून को हासिल किया।
लंदन, 13 जूनः ब्रिटेन की क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय ने दुनिया की दूसरी सबसे लंबे समय तक राजगद्दी संभालने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने यह मुकाम 12 जून को हासिल किया। महारानी को राजगद्दी पर राज करते हुए 70 साल पूरे हो गए हैं। महारानी इस समय 96 साल की हैं। वर्तमान में एलिजाबेथ दुनिया की सबसे उम्रदराज शासक भी हैं।
तस्वीर- royalfamily@twitter

लुईं-14 ने किया 72 साल शासन
उन्होंने इस मामले में थाईलैंड के राजा भूमिबोल अदुल्यादेज की जगह ली है। भूमिबल ने 1927 और 2016 के बीच 70 साल 126 दिनों तक राज किया था। दर्ज इतिहास में अभी तक सबसे लंबे वक्त तक राज करने वाले फ्रांस के किंग लुई 14वें हैं, जिन्होंने करीब 72 साल तक शासन किया। लुई 14वें ने 1643 से 1715 तक 72 वर्ष 110 दिन तक शासन किया था। एलिजाबेथ द्वितीय ने 1952 में पिता किंग जॉर्ज पंचम की मौत के बाद ब्रिटेन की गद्दी संभाली थी।

1953 में हुई थी ताजपोशी
2 जून 1953 को वेस्टमिंस्टर एबी में उनकी ताजपोशी का आधिकारिक समारोह हुआ था। ब्रिटेन में इस साल 2 से 5 जून तक प्लेटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया गया। 1 जून को एलिजाबेथ के शासन के 70 साल पूरे हुए। 2 जून को उनका आधिकारिक बर्थडे था। इससे पहले महारानी एलिजाबेथ द्वितीय सितंबर 2015 में अपनी परदादी महारानी विक्टोरिया को पीछे छोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली ब्रिटिश सम्राज्ञी बनीं थीं।

14 पीएम देख चुकीं एलिजाबेथ
ब्रिटेन में यह नियम है कि प्रधानमंत्री ब्रिटेन के शाही परिवार के प्रमुख के साथ हर सप्ताह मंगलवार को मुलाकात करेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री, शाही परिवार के प्रमुख को देश की स्थिति की जानकारी देगा। क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय शुरुआत से अबतक कुल 14 प्रधानमंत्रियों के साथ काम कर चुकी हैं। 1953 में जब एलिजाबेथ ने अपना राजपाठ संभाला तब ब्रिटेन की कमान विंस्टन चर्चिल के हाथ में थी। यूके के मौजूदा पीएम बॉरिस जॉनसन महारानी के कार्यकाल में काम करने वाले 14वें पीएम हैं।












Click it and Unblock the Notifications