ब्रिटेन: प्रिंस हैरी और मेगन का अब नहीं रहा शाही कार्यों से नाता, वापस ली गई रॉयल उपाधि
नई दिल्ली। ब्रिटेन के शाही राजघराने से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मार्कल ने राजशाही सुविधाओं और अधिकारों को खो दिया है। बकिंघम पैलेस ने शुक्रवार को ऐलान किया कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की पुष्टि के बाद प्रिंस हैरी को उनकी मानद सैन्य नियुक्तियों और राजशाही संरक्षण से हटा दिया गया है। घोषणा में आगे कहा गया कि अब प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन अब द रॉयल फैमिली के कामकाजी सदस्य के रूप में नहीं लौटेंगे, उनको इससे दूर किया जाता है।

आपको बता दें कि ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन की शाही जिम्मेदारियां 31 मार्च, 2020 को ही समाप्त हो गई थीं। इसके पहले ही शाही दंपती ने जनवरी, 2020 में ऐलान कर दिया था कि वह शाही जिम्मेदारियां छोड़कर आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना चाहते हैं। उनके इस फैसले ने सभी को हैरान कर दिया था। शाही जिम्मेदारियों से लंबे समय तक दूर रहने के बाद अब महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने आधिकारिक तौर पर प्रिंस और उनकी पत्नी को शाही कामकाज से अलग कर दिया है।
यह भी पढ़ें: प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल दूसरी बार बनेंगे माता-पिता, वैलेंटाइन डे पर दुनिया को दी खुशखबरी
बकिंघम पैलेस के मुताबिक महारानी ने पुष्टि की है कि शाही परिवार के कामकाज से दूर होने के कारण सार्वजनिक सेवा की जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को निभाना संभव नहीं है। ड्यूक एंड डचेस ऑफ ससेक्स ने ऐलान किया कि प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन अब शाही कामकाजी सदस्य के रूप में वापस नहीं आएंगे। बता दें कि शाही कर्तव्यों का त्याग करने के बाद प्रिंस हैरी और मेगन संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया में जाकर बस गए है, वह एक बिजनेसमैन के तौर पर अपना जीवन बसर कर रहे हैं। बता दें कि प्रिंस हैरी और मेगन दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications