ब्रिटेन ने वैगनर ग्रुप को आतंकवादी संगठन घोषित किया, समर्थन करने पर हो जाएगी 14 सालों की जेल
ब्रिटेन ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए वैगनर ग्रुप को आतंकवादी संगठन घोषित करते हुए प्रतिबंधित कर दिया है। सरकार के इस कदम के बाद ब्रिटेन में इसका समर्थन करना और सदस्य बनना अवैध हो जाएगा। इससे पहले सरकार ने संसद में वैगनर समूह पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया था।
ब्रिटेन की होम सेक्रेटरी सुएला ब्रेवरमैन 6 सितंबर को कहा था कि इसके लिए संसद में बिल भी लाया जा रहा है। आज शुक्रवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इस कानून के तहत वैगनर ग्रुप से जुड़े सदस्यों को प्रॉपर्टी को आतंकियों की संपत्ति घोषित करते हुए जब्त कर लिया जाएगा।

बीते सप्ताह गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने कहा था कि वैगनर ग्रुप लूटपाट, यातना और बर्बर हत्याओं में शामिल रहा है। यूक्रेन, मध्य-पूर्व और अफ्रीका में इसकी गतिविधियां वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा हैं। वैगनर्स आतंकवादी हैं और प्रतिबंध संबंधी यह प्रस्ताव ब्रिटिश कानून में इसे स्पष्ट करता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब से वैगनर ग्रुप से संबंध रखना या सक्रिय रूप से समूह का समर्थन करना एक अपराध माना जाएगा। इसके उल्लंघन पर 14 साल की जेल की सजा हो सकती है। इसके साथ जुर्माना भी देना पड़ सकता है।
ब्रिटेन में वागनर समूह को अब 78 अन्य संगठनों के साथ जोड़ दिया गया है, जो प्रतिबंधित संगठनों में शामिल हैं। यूक्रेन के खिलाफ जंग में वैगनर ग्रुप रूस के लिए काफी मददगार साबित हुआ है। सीरिया, माली और लीबिया जैसे अफ्रीकी देशों में रूसी ऑपरेशन में वैगनर का हाथ रहा है।
वैगनर आर्मी के लड़ाकों पर यूक्रेन में नागरिकों पर अत्याचार करने और उनकी हत्या करने का आरोप है। जुलाई में ब्रिटेन ने दावा किया था कि वैगनर ग्रुप के लड़ाकों ने माली और CAR लोगों को प्रताड़ित करते हुए उनकी हत्या की।
बता दें कि वैगनर ग्रुप चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूस के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह किया था। विद्रोह के ठीक 2 महीने बाद 23 अगस्त को वैगनर चीफ जिस प्लेन में सवार थे, वो क्रैश हो गया था। इसके बाद अमेरिका और कई पश्चिमी देश इसके पीछे रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर षड्यंत्र का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications